37,844 प्रवासियों ने उठाई आवाज: मुंबई से रेलमंत्री को पोस्टकार्ड

 

 

संजय सोनी 

झुंझुनू (नवयत्न)। शेखावाटी रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष प्रदीप अग्रवाल के नेतृत्व में चल रहे “झुंझुनू मांगे रेलवे जंक्शन” जन संघर्ष अभियान को मुंबई में व्यापक जनसमर्थन मिला है। अभियान के तहत “रेलमंत्री को लिखो पोस्टकार्ड” कार्यक्रम में अब तक 37,844 पोस्टकार्ड रेलमंत्री को भेजे जा चुके हैं।

इस अभियान में झुंझुनू जिले के बिसाऊ निवासी एवं मुंबई प्रवासी प्रख्यात उद्योगपति व समाजसेवी अरुण कुमार महावीर प्रसाद जटिया सहित हजारों प्रवासी बंधुओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। वहीं, स्वर्गीय डॉ. सलाउद्दीन चोपदार के सुपुत्र, बॉलीवुड फिल्म अभिनेता सलीम दीवान तथा उद्योगपति एवं डॉ. एस.डी. चोपदार फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सत्तार दीवान चोपदार ने भी उत्साहपूर्वक पोस्टकार्ड लिखकर अभियान का समर्थन किया।

मुंबई में चले 10 दिवसीय अभियान के दौरान विरार, वसई रोड, भायंदर, मीरा रोड, बोरीवली, मालाड़, गोरेगांव, जोगेश्वरी, अंधेरी, विले पारले, बांद्रा, दादर, प्रभादेवी, कल्याण, भिवंडी, ठाणे और घाटकोपर सहित विभिन्न क्षेत्रों में प्रवासी बंधु सबसे आगे रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए 5-5 सदस्यीय 10 टीमों का गठन कर घर-घर जाकर पोस्टकार्ड लिखवाए गए।

फिल्म अभिनेता सलीम दीवान ने कहा कि झुंझुनूं जिले में खेतड़ी, मंडावा, शाकम्भरी और लोहार्गल जैसे स्थान फिल्म शूटिंग की दृष्टि से महत्वपूर्ण हैं, इसलिए इन्हें बेहतर रेल सेवा से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति के सतत प्रयासों से यह मांग भी जल्द पूरी होगी।

अभियान में उद्योगपति एवं समाजसेवी सुनील रामस्वरूप गाडिया, सुभाष आर. गाडिया, झुंझुनूं प्रगति संघ मुंबई के सचिव अनिल कुमार ढेढिया, मारवाड़ी कॉमर्शियल हाई स्कूल एवं जूनियर कॉलेज तथा मरुधरा संस्था के अध्यक्ष सुरेन्द्र ओमप्रकाश गाडिया, मुकुंद सेवा सदन के संस्थापक संजय मोहनलाल गाडिया एवं राजस्थान विद्यार्थी गृह के संयुक्त सचिव राकेश मुरारका सहित कई गणमान्य लोगों ने भाग लेते हुए अभियान की सराहना की और सरकार से झुंझुनूं की इस लंबे समय से चली आ रही मांग को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया।

मुंबई के युवा उद्योगपति प्रदीप पंसारी ने भी रेलमंत्री को पोस्टकार्ड लिखकर झुंझुनूं रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा देने की मांग का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि झुंझुनूं में स्थित विश्व प्रसिद्ध राणी सती दादी मंदिर में वर्षभर लाखों श्रद्धालु आते हैं, लेकिन सीधी रेल सेवाओं के अभाव में उन्हें आवागमन में कठिनाई का सामना करना पड़ता है। सरकार को इस दिशा में शीघ्र कदम उठाने चाहिए।

अभियान के अगले चरण में 4 मई 2026 से सूरत में “रेलमंत्री को लिखो पोस्टकार्ड” कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिससे इस जनआंदोलन को और अधिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

You might also like