बीदासर में लहरिया महोत्सव में दिखी राजस्थानी संस्कृति की रंगीन छटा
निसं
बीदासर (नवयत्न)। वार्ड नंबर 4 स्थित बाल बाड़ी भवन में रविवार शाम लहरिया महोत्सव का आयोजन किया गया। महोत्सव में राजस्थानी संस्कृति, परंपरा और लोक कला की आकर्षक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम में महिलाओं की भारी उपस्थिति रही और प्रतिभागियों में खासा उत्साह नजर आया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुरली स्वामी ने की। मुख्य अतिथि तहसीलदार इन्द्राज बारूपाल व थानाधिकारी सुभाष चन्द्र रहे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के रूप में निवर्तमान पालिका अध्यक्ष सीताराम भोभरीया, दिलीप सिंह राजपुरोहित, सरिता सिंघी व पुटिया राजा चाडवास मौजूद रहे।
महोत्सव के दौरान मिस बीदाणा-2026, घूमर नृत्य, राजस्थानी भाषण एवं कविता तथा बणी-ठणी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। मिस बीदाणा-2026 का खिताब यशस्वी गोदारा ने जीता, जबकि इन्द्रा जाट व मंजू सिद्ध रनरअप रहीं। विजेता यशस्वी गोदारा को अतिथियों ने 11 हजार रुपये की राशि, ट्रॉफी व ताज पहनाकर सम्मानित किया।
घूमर नृत्य प्रतियोगिता में भगवती प्रजापत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भाषण प्रतियोगिता में निधि जाट व दृष्टि प्रजापत टॉपर रहीं। सुंदर वेशभूषा प्रतियोगिता में कृष्णा सुथार, सावित्री राजपुरोहित व सरोज प्रजापत ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का संचालन अमित कुमार नामदेव एवं कवि हरिराम गोपालपुरा ने किया। आयोजन के दौरान राजस्थानी वेशभूषा, लोक नृत्य और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरे कार्यक्रम में उत्सव जैसा माहौल बना रहा।