टिकट के लिए जंग, स्टेशन पर लंबी कतारें
शिवम दीक्षित
झुंझुनू (नवयत्न) । रेलवे स्टेशन झुंझुनू पर टिकट व्यवस्था की बदहाल स्थिति यात्रियों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनती जा रही है। यहां टिकट लेने के लिए लंबी कतारों में खड़ा होना मजबूरी बन गया है, जिससे आमजन के साथ-साथ सीनियर सिटीजन और दिव्यांग यात्रियों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

रेलवे द्वारा बुजुर्गों और दिव्यांगों को विशेष सुविधा देने के दावे किए जाते हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत नजर आती है। स्टेशन पर इनके लिए अलग से कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं होने के कारण इन्हें भी सामान्य कतार में लगना पड़ता है।
स्थिति तब और विकट हो जाती है जब ट्रेन के समय पर भी एटीवीएम मशीन बंद पड़ी रहती है। ऐसे में यात्रियों के पास टिकट खिड़की ही एकमात्र विकल्प बचता है, जिससे भीड़ और अधिक बढ़ जाती है।
लंबी कतारों के चलते कई ऐसे यात्री, जो समय से पूर्व स्टेशन नहीं पहुंच पाते, मजबूरीवश बिना टिकट यात्रा करने को विवश हो जाते हैं। यह न केवल रेलवे नियमों का उल्लंघन है, बल्कि एक सामाजिक बुराई और अपराध भी है, जिसे रोकने के लिए व्यवस्थाओं का दुरुस्त होना बेहद आवश्यक है।
यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से मांग की है कि एटीवीएम मशीनों को नियमित रूप से चालू रखा जाए तथा सीनियर सिटीजन और दिव्यांगों के लिए अलग काउंटर या प्राथमिकता सुविधा सुनिश्चित की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।