धूल भरी आंधी चली: हल्की बारिश से लोगों को गर्मी से मिली राहत

श्रीराम तिवाड़ी 

नोखा (नवयत्न)। उपखंड मुख्यालय और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार शाम को मौसम में अचानक बदलाव आया। तेज धूल भरी आंधी और हल्की बारिश के कारण जनजीवन कुछ समय के लिए प्रभावित हुआ।

 

बादल छाए, तेज आंधी चली

 

दोपहर बाद आसमान में काले बादल छा गए थे, जिससे बारिश की उम्मीद जगी। हालांकि, इसके तुरंत बाद उत्तर दिशा से तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार उठने लगा। देखते ही देखते पूरा क्षेत्र धूल भरी आंधी की चपेट में आ गया, जिससे दिन में ही अंधेरा छा गया और दृश्यता काफी कम हो गई।

 

आंधी के कारण बाजारों में चहल-पहल कम हो गई। ग्राहक घरों में दुबक गए और दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों पर जमी धूल साफ करते दिखे। घरों में भी महिलाओं को सफाई करनी पड़ी।

 

तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश भी शुरू हो गई। बारिश की बूंदों से उड़ती धूल कुछ हद तक थमी, लेकिन आंधी के कारण सड़कों पर वाहन चालकों को परेशानी हुई। कई स्थानों पर अफरा-तफरी का माहौल भी देखा गया।

 

तापमान में आई गिरावट

 

सुबह से पड़ रही भीषण गर्मी के बाद इस मौसमी बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। हालांकि, अचानक आई इस आंधी और बारिश ने कुछ समय के लिए सामान्य जनजीवन को अवश्य प्रभावित किया।

You might also like