बाइक चोर चढा पुलिस के हत्थे
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न) । दौलतपुरा थाना क्षेत्र में हुई बाइक चोरी की वारदात करने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
थाना प्रभारी सुनील गोदारा ने बताया कि 4 मई की रात करीब 12:15 बजे परिवादी गजराम बंजारा ने अपनी मोटरसाइकिल भैरूजी खेजड़ा स्थित 15 नंबर बस स्टैंड के पास खड़ी की थी। सुबह करीब 8 बजे मौके पर पहुंचने पर बाइक गायब मिली। इस पर अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारियों के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर तंत्र की मदद से संदिग्ध युवक की पहचान शक्ति सिंह (22) निवासी झांपड़ा जिला दौसा हुई। जिसे हिरासत लेकर पूछताछ की तो आरोपित ने बाइक चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस अब आरोपी से अन्य वाहन चोरी की वारदातों और संभावित गिरोह से जुड़े नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है। अधिकारियों के अनुसार इस मामले में और भी खुलासे हो सकते हैं।