ट्रेफिक व्यवस्था को लेकर दिया एएसपी को ज्ञापन

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । स्थानीय निवासी बसंत कुमार बोरड़ ने एएसपी सतपालसिंह को ज्ञापन सौंपकर बताया है शहर की स्टेशन रोड पर पिछले कई सालों से ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी हुई है। यह रोड शहर की सबसे महत्वपूर्ण रोड है, जो शहर के मुख्य बाजार, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन से जोड़ती है। रोड के बीच राजकीय बगड़िया उप जिला अस्पताल भी है। साथ ही कई स्कूलों और मंदिर सहित कई महत्वपूर्ण स्थान भी है। बोरड ने ज्ञापन में लिखा है की घंटाघर से रवाना होकर अस्पताल होते हुए रामपुरिया कॉटेज की छोटी सी दूरी तय करने में किसी भी वाहन चालक को 15 से 20 मिनट लग जाते हैं। कई बार यहां जाम लग जाने से और भी ज्यादा समय लगता है। इसका कारण ये है कि घंटाघर के पास स्थित धनलक्ष्मी कॉम्प्लेक्स और शराब के ठेके के पास और इसके बाद बगड़िया अस्पताल के पास सैकड़ो बाईक लोग रास्ते पर खड़े कर देते हैं। जिससे ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ जाती है। क्षेत्र में रास्ते के दोनों तरफ वाहन खड़े करने की रोकटोक नहीं होने के कारण पूरी रोड की ट्रैफिक व्यवस्था खस्ताहाल है। इसलिए इस रोड पर प्रमुख जगह नो पार्किंग जोन घोषित करवाने के साथ ही रोड पर वाहन खड़े करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। ताकि इस रोड की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू हो सके। साथ ही बगड़िया अस्पताल के पहले रामपुरिया कॉटेज से नया बाजार होते हुए बड़े वाहनों की एंट्री एक तरफा यातायात में बदल दी जाए, तो समस्या का हल संभव हो सके।

You might also like