चार घंटे मे अपहरण की झूठी साजिश रचने का पर्दाफाश किया

श्रीराम तिवाड़ी

नोखा (नवयत्न ) । थाना पुलिस ने महज चार घंटे में कथित अपहरण मामले का खुलासा करते हुए युवक द्वारा खुद के ही अपहरण की झूठी साजिश रचने का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी विष्णु जोशी सहित उसके तीन दोस्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 13 मई को वीर तेजाजी मंदिर के पास निवासी अनुराधा पत्नी नेमचंद ने नोखा थाने में रिपोर्ट दी कि देर रात करीब दो से ढाई बजे के बीच अज्ञात लोगों ने उनके बेटे विष्णु का अपहरण कर लिया है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए बीकानेर रेंज आईजी ओमप्रकाश, एसपी मृदुल कच्छावा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल और नोखा सीओ जरनैल सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी अरविंद कुमार भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आसपास के लोगों से पूछताछ की और विष्णु के दोस्तों को संदेह के आधार पर तलब किया। जांच में सामने आया कि विष्णु जोशी ने अपने दोस्तों नारायण पारीक, गौरीशंकर पारीक और शिवलाल विश्नोई के साथ मिलकर खुद पर हमले और अपहरण का झूठा वीडियो बनाया था। इसके बाद उसने वह वीडियो अपने भाई बनाया था। इसके बाद उसने वह वीडियो अपने भाई को व्हाट्सएप पर भेज दिया और मोबाइल बंद कर दोस्त के घर जाकर सो गया, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि विष्णु पूर्व में दर्ज एक प्रकरण में पुलिस पर दबाव बनाने के उद्देश्य से यह साजिश रची गई थी। मामले का खुलासा होने पर पुलिस ने विष्णु जोशी, गौरीशंकर पारीक, नारायण पारीक और शिवलाल विश्नोई को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में विष्णु पुत्र नेमचंद निवासी वार्ड नंबर 30 नोखा, गौरीशंकर पुत्र राधेश्याम पारीक निवासी गांधी चौक नोखा, नारायण पुत्र राधेश्याम पारीक निवासी गांधी चौक नोखा तथा शिवलाल पुत्र भंवरलाल विश्नोई निवासी जोरावरपुरा नोखा का हैं। इस कार्रवाई में थानाधिकारी अरविंद कुमार, उपनिरीक्षक ताराचंद मीणा, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार, कांस्टेबल गणेश गुर्जर और लक्ष्मण की विशेष भूमिका रही।

You might also like