स्कूल में भामाशाह ने झूले एवं खेल सामग्री भेंट की
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । टीबा बसई की सेठ प्रभुदयाल राजकीय स्कूल में शुक्रवार को सजना देवी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्रों द्वारा विद्यार्थियों को खेल सामग्री एवं झूले भेंट किए गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग थे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एडीएम राधेश्याम मीणा, रामस्वरूप मीणा, पूर्व आरपीएस निहाल सिंह मीणा, नायब तहसीलदार प्यारेलाल चावला, ब्लॉक शिक्षा अधिकारी अनुकंपा, समाजसेवी श्योलाल, प्रधानाचार्य सांवरमल मीणा मौजूद थे। अध्यक्षता संस्था प्रधान अन्नू सैनी ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री एवं झूलों का लोकार्पण किया गया। मुख्य अतिथि जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने कहा कि सरकारी स्कूलों में बच्चों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध करवाने एवं स्कूलों के विकास के लिए भामाशाहों का सहयोग सराहनीय पहल है। समाज के सक्षम लोगों को सरकारी संस्थाओं के विकास में आगे आकर योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ खेल भी बच्चों के व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों के भविष्य निर्माण में अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में विद्यार्थियों को संस्कारयुक्त शिक्षा देकर उन्हें बेहतर नागरिक बनाने का कार्य करना चाहिए। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को शिक्षा एवं सामाजिक विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। संस्था प्रधान अन्नू सैनी ने भामाशाहों का आभार प्रकट करते हुए बताया कि सजना देवी की चौथी पुण्यतिथि के अवसर पर उनके पुत्र विनीत मीणा (आईएएस) एवं अनुप मीणा (सेवानिवृत्त महाप्रबंधक, आरबीआई) द्वारा विद्यालय के विद्यार्थियों के लिए खेल सामग्री एवं झूले भेंट किए गए हैं। उन्होंने कहा कि इससे विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में प्रोत्साहन मिलेगा। भामाशाह विनीत मीणा ने कहा कि सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को सुविधाएं उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। बच्चों को शिक्षा के साथ खेलों में भी आगे बढ़ने के अवसर मिलने चाहिए। वहीं अनुप मीणा ने कहा कि विद्यार्थियों को अनुशासन एवं मेहनत के साथ पढ़ाई कर अपने लक्ष्य प्राप्त करने चाहिए। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिवार द्वारा अतिथियों एवं भामाशाहों का सम्मान किया गया। इस मौके पर बलवीर छापोला, रोहिताश लालगढ़, जीएल मीणा सहित ग्रामीण एवं विद्यालय स्टाफ मौजूद रहे।