श्री नलापति बालाजी धाम में नगर समृद्धि हेतु श्रीरामधुन शुरू

प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । दांता कस्बे के वार्ड नं. 9 में स्थित श्री नलापति बालाजी धाम में नगर समृद्धि हेतु श्रीरामधुन का शुभारम्भ रविवार को कलश यात्रा के साथ हुआ। विशाल कलश यात्रा सुबह बैंडबाजे व डीजे के साथ सीतारामजी के मंदिर से नाचते-गाते हुए कस्बे के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्री नलापति बालाजी धाम पहुंची। कलश यात्रा का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। अनेक जगहों पर भामाशाहों द्वारा जलपान, फल एवं ज्यूस की व्यवस्था की गई। श्री नलापति बालाजी धाम मंदिर परिसर में पहुंचने के तत्पश्चात महिलाओं द्वारा कलश, जल तथा निशान अर्पित किया गया। इस दौरान एक माह के लिए श्रीरामधुन का शुभारंभ छोटी बालिका के द्वारा गणमान्यजनों की उपस्थिति में द्वीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कलश यात्रा में पुरूषों, महिलाओं, बालकों, बालिकाओं एवं भक्तों सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल रहे। मन्दिर पुजारी उमाशंकर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह आठवीं रामधुन हैं। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी एक माह की अखण्ड रामधुन का आयोजन 17 मई से 22 जून 2026 तक किया जाएगा। वहीं प्रत्येक शनिवार को रामभरोसे सुंदरकांड मंडल द्वारा रात्रि 8.15 बजे से संगीतमय सुंदरकांड पाठ होगा। रामधुन के अंतिम चार दिवस में बालाजी का अभिषेक, श्रीराम मारुति महायज्ञ तथा 20 जून को विशाल भजन संध्या, विशाल शोभायात्रा एवं 21 जून को श्रीराम दरबार अभिषेक एवं बालाजी रुद्राभिषेक, महायज्ञ होगा। 22 जून श्रीराम दरबार प्राण प्रतिष्ठा तथा विशाल भंडारे का आयोजन भी किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि दांता मे प्रतिवर्ष नगर समृद्धि हेतु श्री नलापति बालाजी धाम मे रामधुन का आयोजन किया जाता है। भक्तों ने बताया कि इस एक माह के धार्मिक आयोजन में दांता एवं आसपास के गांवों के श्रद्धालु व कई प्रवासी अपनी सेवाएं देते है।

You might also like