PMO डॉ. जितेन्द्र सिंह निठारवाल की पहल पर SDH में व्यापक स्वच्छता अभियान शुरू
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न)। उप जिला चिकित्सालय रींगस में मरीजों एवं आमजन को स्वच्छ, सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से PMO डॉ. जितेन्द्र सिंह निठारवाल द्वारा विशेष स्वच्छता अभियान प्रारंभ करवाया गया। अस्पताल परिसर में लंबे समय से जमा अनुपयोगी सामग्री, झाड़ियां, मलबा एवं कचरे को हटाने हेतु PMO द्वारा प्रशासनिक समन्वय स्थापित करते हुए SDM रींगस बृजेश कुमार से सहयोग लिया गया, जिस पर उन्होंने तुरंत सकारात्मक पहल करते हुए नगरपालिका टीम एवं JCB की व्यवस्था करवाकर विशेष सफाई अभियान शुरू करवाया।
अभियान के तहत अस्पताल परिसर, रास्तों एवं खुले क्षेत्रों में विशेष सफाई कार्य करवाया जा रहा है। साथ ही परिसर को अधिक व्यवस्थित, स्वच्छ एवं मरीज हितैषी बनाने हेतु नियमित मॉनिटरिंग भी की जा रही है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार यह विशेष स्वच्छता अभियान आगामी लगभग 15 दिनों तक चरणबद्ध रूप से जारी रहेगा, जिससे अस्पताल परिसर में व्यापक एवं सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिलेंगे।
अस्पताल स्टाफ एवं स्थानीय लोगों ने बताया कि PMO डॉ. जितेन्द्र सिंह निठारवाल द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने हेतु लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विशेष रूप से साफ-सफाई, मरीज सुविधा, हीट वेव प्रबंधन एवं व्यवस्थाओं के सुधार पर निरंतर कार्य किया जा रहा है, जिसका सकारात्मक प्रभाव अस्पताल की व्यवस्थाओं में दिखाई दे रहा है।
PMO डॉ. जितेन्द्र सिंह निठारवाल ने SDM बृजेश कुमार, उनकी टीम एवं नगरपालिका प्रशासन का त्वरित सहयोग हेतु आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन एवं समाज के सहयोग से सरकारी अस्पतालों की व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाया जा सकता है। उन्होंने आमजन एवं अस्पताल परिसर के आसपास निवास करने वाले लोगों से अपील की कि अस्पताल परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में कचरा न डालें तथा स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें।
स्थानीय लोगों एवं मरीजों ने भी अस्पताल परिसर में चल रहे विशेष स्वच्छता अभियान की सराहना करते हुए इसे जनहित में महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक पहल बताया।