बाल भारती विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में पक्षियों के लिए परिंडे लगाए

मंडावा,(किशोर सिंह जाटू)12 मई। बाल भारती विद्या निकेतन विद्यालय परिसर में मंडावा थानाधिकारी मुकेश कुमार ने पक्षियों को गर्मी से निजात दिलाने के लिए दर्जन भर पानी के परिंडे एवं पक्षियों के लिए दाना चुग्गा स्थान लगाये।

इस अवसर पर थानाधिकारी ने बताया कि इस युग में हम शादी विवाह एवं मौसर पर लाखों रुपए की फिजूलखर्ची करते हैं, बेकार के दिखावे के कामों में अपना समय एवं धन बर्बाद करते हैं। हमें इनसे हटकर बच्चों की पढ़ाई पर ध्यान देकर और उन्हें स्वावलंबी बनाने पर जोर देना चाहिए। उन्होंने बताया कि पशु-पक्षी बेजुबान होते हैं, इस प्रकार के पुण्य के कार्य करने से व्यक्ति महान होता है। हमें अपने बच्चों को भी अच्छी शिक्षा देनी चाहिए। इस मौके पर मौजूद लोगों से रूबरू होते हुए वर्तमान हालात के बारे में बोलते हुए बताया कि इस कोरोना संकट के समय कफ्र्यू के दौरान सख्ताई बरतनी पुलिस के लिए बहुत जरूरी थी तभी तो हम इस संकट से थोड़ा उबर सके हैं।

इस अवसर पर शाला निदेशक राजेन्द्र सनोदिया, सूरजपाल बाकोलिया, निलेश सनोदिया, मंडावा ग्राम सेवा सहकारी समिति अध्यक्ष नारायण प्रसाद मारवाल, मोनू शर्मा, निशा सनोदिया, सुरेखा नायक, श्रवण कुमार मौर्य, भरत कुमार, होटल हवेली मैनेजर राकेश कुमार सनोदिया, सामाचार पत्र वितरक प्रमुख प्रभु दयाल शर्मा, विश्वम्भर दयाल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित थे। अंत में शाला प्रधानाध्यापक प्रमोद कुमार ने सभी का आभार व्यक्त किया ।

You might also like