जालपाली धाम में 108 कुंडात्मक श्रीराम महायज्ञ आज से
महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । निकटवर्ती मूंडरू कस्बे के जालपाली धाम स्थित श्रीसीतारामजी मंदिर परिसर में संत हरिचरण दास महाराज के सानिध्य में आयोजित होने वाले नवदिवसीय 108 कुंडात्मक श्रीराम महायज्ञ का गुरुवार 21 मई से आगाज होगा। कार्यक्रम के संयोजक सुदर्शन दास महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि महायज्ञ के प्रथम दिवस में सुबह कलश यात्रा निकाली जाएगी। गुरुवार सुबह 6 बजे मंदिर परिसर में यज्ञाचार्य नंदन मिश्र द्वारा वैदिक विधिविधान से यजमानों का दशविधि स्नान कराया जाएगा। इसके बाद सुबह 8 बजे मूंडरू के बिहारीजी मंदिर से कलश यात्रा शुरू होगी। कलश यात्रा शाही लवाजमे के साथ गांव के मुख्य बाजारों से होते हुए 11 बजे जालपाली धाम पहुंचेगी। यात्रा में ऊंट, घोड़े, बग्घी, रथ होंगे। जिनमें देशभर से आने वाले कई पीठाधीश्वर, महामंडलेश्वर तथा संत महात्मा सवार होंगे। इसके बाद अभिजीत मुहूर्त में यजमानों का मंडप प्रवेश होगा।