सरकार तक सही रूप में पहुंचायें जनता की आकांक्षाएं और जरूरतें
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । मुख्यमंत्री विकसित ग्राम/शहरी वार्ड अभियान को लेकर गठित कमेटी की बैठक का आयोजन उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा के सानिध्य में उपखंड कार्यालय में किया गया। बैठक में उपस्थित कमेटी सदस्यों को सम्बोधित करते हुए उपखंड अधिकारी ओमप्रकाश वर्मा ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में करीब दो सौ और शहर के वार्डों में करीब 150 के लगभग पोईंट्स के आस-पास जानकारी मांगी गई है। इसलिए सभी 24 विभागों से सम्बंधित अधिकारियों को संवेदनशीलता के साथ इस रिपोर्ट को भरना है, ताकि आने वाले समय में जनसंख्या के हिसाब से अधिकतम संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित हो सके। वर्मा ने कहा कि 2030, 2035 और 2047 के जनता की किस प्रकार की आकांक्षाएं और जरूरतें हैं, इस बात को ध्यान में रखते हुए समुचित आंकड़ों के साथ इस फोर्मेट को भरंे, ताकि सरकार तक सही और समुचित जानकारी भविष्य की आवश्यकताओं को लेकर पहुंच सके। बैठक के दौरान तहसीलदार गिरधारीलाल पारीक, समाज कल्याण अधिकारी बाबूलाल, सहायक विकास अधिकारी रामानंद फलवाड़िया, सीबीईओ सुनीता पूनिया, पुरूषोतम चौहान, नगरपरिषद की सहायक अभियंता चारवी, यतीन्द्र, छापर से अधिशाषी अधिकारी भवानीशंकर व्यास सहित अनेक अधिकारीगण मौजूद रहे।