मंन्दिर से चांदी के छत्र चोरी का आरोपी गिरफ्तार
ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर पुलिस ने आलसर बास स्थित प्राचीन रूस्तम धोरा मन्दिर से चांदी के छत्र चोरी करने के मामले में 32 वर्षीय आरोपी जगदीश पुत्र भंवरलाल नायक निवासी जैतासर हाल बिग्गा बास श्री डूंगरगढ़ को गिरफ्तार किया । थानाधिकारीने बताया कि 16 मई को काननाथ पुत्र सुरजनाथ सिद्ध निवासी जोगलिया, कोषाध्यक्ष रूस्तम धोरा ट्रस्ट मन्दिर ने रिपोर्ट दी रिपोर्ट में बताया गया कि रूस्तम महाराज के प्राचीन मन्दिर में अज्ञात व्यक्ति ने मूर्ति पर लगे एक बड़े एवं तीन छोटे चांदी के छत्र चोरी कर लिए। चोरी हुए छत्रों का कुल वजन करीब दो किलोग्राम बताया गया। घटना मन्दिर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सतपाल सिंह, वृताधिकारी इनसार अली के सुपरविजन में टीम गठित की । टीम ने मन्दिर एवं आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा सोशल मीडिया व मुखविर तंत्र की सहायता से आरोपी की पहचान की। पुलिस ने साइबर तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी को डिटेन कर पूछताछ की । आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से पुलिस ने पीसी रिमांड हासिल किया। पुलिस के अनुसार आरोपी से गहन पूछताछ एवं आगे का अनुसंधान जारी है।