निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर में 250 मरीजों का उपचार
जय जांगिड़
झुंझुनू (नवयत्न)। एन आर डी डी हॉस्पिटल द्वारा राष्ट्रीय आयुष मिशन भारत सरकार एवं आयुष विभाग राजस्थान के सहयोग से निःशुल्क आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ग्राम सरपंच उस्मान ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर रामस्वरूप खालिया, युसुफ मौलाना, सादिक खान थानेदार, अली हसन, सुबेदार शकील खान एवं सालेह मोहम्मद सुबेदार सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
शिविर में कुल 250 मरीजों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें आयुर्वेद विभाग में 126 तथा होम्योपैथी विभाग में 124 मरीजों का उपचार हुआ। मरीजों को आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक दवाओं का निःशुल्क वितरण भी किया गया। इसके साथ ही रक्तचाप, मधुमेह, हीमोग्लोबिन सहित विभिन्न स्वास्थ्य जांचें भी नि:शुल्क की गईं।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन तक आयुर्वेदिक एवं होम्योपैथिक चिकित्सा का लाभ पहुंचाना तथा मौसमी बीमारियों के प्रति जागरूक करना रहा। चिकित्सकों ने बताया कि होम्योपैथी ऐसी चिकित्सा पद्धति है, जिसमें रोग के मूल कारण को समझकर उपचार किया जाता है और इसके दुष्प्रभाव भी बेहद कम होते हैं। वहीं आयुर्वेद शरीर, मन और आत्मा के संतुलन पर आधारित भारत की प्राचीन चिकित्सा पद्धति है, जो प्राकृतिक जड़ी-बूटियों, योग एवं स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देती है।
शिविर में पंचकर्म थेरेपिस्ट परिजित के.के. एवं उनकी टीम ने पंचकर्म थेरेपी के प्रति लोगों को जागरूक किया तथा थेरेपी के माध्यम से उपचार संबंधी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अस्पताल में पंचकर्म सहित विभिन्न उपचार सुविधाएं उपलब्ध हैं।
स्थानीय लोगों ने शिविर की सराहना करते हुए निःशुल्क चिकित्सा, हेल्थ स्क्रीनिंग एवं स्वास्थ्य परामर्श का लाभ उठाया। इस दौरान होम्योपैथिक फिजिशियन डॉ. राकेश जानू, डॉ. सबीना खान, डॉ. कमलेश सैनी तथा आयुर्वेदिक फिजिशियन डॉ. अखिला मेनन, डॉ. प्रबुद्ध शर्मा, डॉ. मनोज सुथार सहित नर्सिंग, फार्मेसी एवं लैब तकनीशियन स्टाफ ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
संस्थान अध्यक्ष डॉ. सुनीता बूबकिया ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का नियमित आयोजन किया जाता रहेगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।