मुख्यमंत्री के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी पर विप्र फाउंडेशन में रोष

 

निलेश मुद्गल

झुंझुनू (नवयत्न) । राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के मुखिया एवं सांसद हनुमान बेनीवाल द्वारा एक रैली के दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के खिलाफ अमर्यादित एवं अशोभनीय भाषा के प्रयोग को लेकर विप्र फाउंडेशन झुंझुनूं इकाई में गहरा रोष व्याप्त है। इस संबंध में बिबाणी धाम बालाजी मंदिर प्रांगण में विफा संरक्षक राजेन्द्र जोशी की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई जिसमें वक्ताओं ने बेनीवाल के बयान की कड़े शब्दों में निंदा की।

बैठक को संबोधित करते हुए विप्र फाउंडेशन के जिलाध्यक्ष कमलकांत शर्मा ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी संवैधानिक पद पर आसीन व्यक्ति के प्रति अभद्र एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की बयानबाजी लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती है। उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला से सांसद हनुमान बेनीवाल की सदस्यता को रद्द करने की मांग की है कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति ना हो ।

जिला संयोजक उमाशंकर महमिया ने कहा कि सार्वजनिक मंचों पर नेताओं को संयमित एवं शालीन भाषा का प्रयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी एवं अमर्यादित शब्दों का प्रयोग समाज में गलत संदेश देता है।

संगठन महामंत्री रामगोपाल महमिया ने कहा कि मुख्यमंत्री जैसे गरिमामयी पद के प्रति अशोभनीय भाषा का प्रयोग प्रदेश की जनता का भी अपमान है। जिला संरक्षक एडवोकेट सुशील जोशी ने सभी राजनीतिक दलों एवं जनप्रतिनिधियों से सार्वजनिक जीवन में शिष्टाचार एवं राजनीतिक शुचिता बनाए रखने की अपील की।

जिला महामंत्री वशिष्ठ शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी इस प्रकार की अभद्र राजनीतिक बयानबाजी जारी की गई तो समाज स्तर पर विरोध दर्ज करवाया जाएगा।

बैठक के अंत में उपस्थित पदाधिकारियों एवं समाजजनों ने सर्वसम्मति से हनुमान बेनीवाल के बयान की निंदा करते हुए निंदा प्रस्ताव पारित किया तथा राजनीतिक मर्यादा एवं शालीनता बनाए रखने का आह्वान किया।

इस दौरान कोषाध्यक्ष राकेश सहल, मंत्री विकास पुरोहित,अमृत जोशी,तहसील अध्यक्ष अनिल जोशी, श्याम सुंदर दाधीच, गोपीराम पुरोहित, सुरेश तिवारी, संजय शुक्ला,एडवोकेट रवि शुक्ला, नगर अध्यक्ष अमित पांडे, रतन चारणवासिया, सुभाष जोशी सहित विप्र फाउंडेशन के अनेक पदाधिकारी एवं विप्रजन उपस्थित रहे।

You might also like