टैम्पो ब्रैक फैल होने पर घुसा मोबाइल दुकान में

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । रतनगढ़ में अशोक स्तम्भ के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ऑटो मोबाइल शॉप में घुस गया। एक दफा दुकान में बैठे एवं आसपास के लोगों को कुछ भी समझ नहीं आया तथा सभी स्तब्ध हो गए। घटना में व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। प्राप्त जानकारी अनुसार भोजासर निवासी एक टैम्पो चालक अपना ऑटो लेकर पुलिया संख्या चार से अशोक स्तम्भ की तरफ आ रहा था। जैसे ही वह अशोक स्तम्भ के पास पहुंचा, तो उसके टैम्पो के ब्रेक फेल हो गए। वह सड़क पर चल रहे लोगों को बचाने के चक्कर में अशोक स्तम्भ के पास एक गली में चला गया, लेकिन आगे भीड़ देखकर उसे टैम्पो को एक एसएस मोबाइल शॉप में घुसा दिया। घटना के दौरान दुकान में व्यापारी सहित चार-पांच लोग थे। अचानक हुए इस हादसे ने एक दफा सभी की दिल की धड़कन को बढ़ा दिया तथा अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आसपास के लोग कुछ देर तक तो कुछ समझ ही नहीं पाए। घटना में दुकान के आगे लगा कांच का गेट, कांउटर पर लगे कांच एवं मोबाइल क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे व्यापारी को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। वहीं दुकान में बैठे दो लोगों को हल्की चोट भी आई है। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई।

You might also like