हल्की बारिश में खुली नगरपालिका व्यवस्था की पोल, गट्टे के पास घरों के बाहर कीचड़युक्त जलभराव
प्रदीप कुमार सैनी
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । दांता कस्बे में हुई हल्की बारिश ने नगर पालिका की व्यवस्थाओं की पोल खोलकर रख दी। बड़ गट्टे के पास स्थित आवासीय क्षेत्र में बारिश के बाद नालियों का गंदा एवं कीचड़युक्त पानी घरों के बाहर जमा हो गया, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि मामूली बारिश में ही सड़कें और गलियां जलमग्न हो जाती हैं तथा लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की नियमित सफाई नहीं होने तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था के अभाव में हर बरसात के दौरान यही समस्या सामने आती है। नालियों का पानी ओवरफ्लो होकर सड़कों पर फैल जाता है, जिससे कीचड़ और गंदगी का साम्राज्य बन जाता है। जलभराव के कारण मच्छरों की संख्या बढ़ने और बीमारियों के फैलने की आशंका भी बनी हुई है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि कई बार नगरपालिका प्रशासन को समस्या से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं किया गया है। बरसात के मौसम की शुरुआत में ही ऐसी स्थिति बनने से लोगों में नाराजगी व्याप्त है। उनका कहना है कि यदि समय रहते जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई तो आगामी दिनों में होने वाली तेज बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं।
क्षेत्रवासियों ने नगरपालिका प्रशासन से मांग की है कि बड़ गट्टे के पास नालियों की तत्काल सफाई करवाई जाए, जल निकासी की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए, ताकि बरसात के दौरान लोगों को राहत मिल सके। ग्रामीणों एवं मोहल्लेवासियों का कहना है कि विकास कार्यों के दावों के बीच मूलभूत सुविधाओं की ऐसी स्थिति चिंता का विषय है और प्रशासन को इस ओर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।