थाने के पास ट्रांसफॉर्मर में लगी आग

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी जयपुर के मुहाना के पास लगे बिजली  के ट्रांसफॉर्मर में अचानक आग लग गई। आग लगते ही आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रांसफॉर्मर से पहले तेज आवाज सुनाई दी, जिसके बाद उसमें से धुआं और लपटें निकलने लगीं। सूचना मिलने पर विद्युत विभाग एवं दमकल कर्मियों को मौके पर बुलाया गया। सुरक्षा के मद्देनजर आसपास की विद्युत आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी गई।
दमकल कर्मियों ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे आग आसपास के क्षेत्रों में नहीं फैल सकी। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि ट्रांसफार्मर को नुकसान पहुंचने से क्षेत्र में कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति प्रभावित रही।
प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। विद्युत विभाग के अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं।

You might also like