कारोबारी को अश्लील वीडियो से ब्लैकमेल करने वाला गिरफ्तार
डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। महेश नगर थाना पुलिस ने अश्लील फोटो-वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर करोड़ों रुपए की उगाही करने वाले अंतरराज्यीय हनी ट्रैप गिरोह के एक और सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी महिला दिशा बाबला के सहयोगी धीरज कुमार को नई दिल्ली के द्वारका क्षेत्र से गिरफ्तार कर जयपुर लाया है। मामले में मुख्य आरोपी दिशा बाबला को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर चुकी है।
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि 29 अप्रैल 2026 को कारोबारी विमल कुमार डागा ने महेश नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने आरोप लगाया कि एक महिला आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी देकर उससे भारी रकम की मांग कर रही है। शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।जांच में सामने आया कि आरोपी महिला कुछ समय पहले परिवादी की आईटी कंपनी में इंटर्नशिप के बहाने जुड़ी थी। इस दौरान उसने नजदीकियां बढ़ाकर निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए। बाद में इन्हीं फोटो-वीडियो को कार्यालय के कर्मचारियों और परिचितों को भेजने की धमकी देकर रंगदारी मांगने लगी।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित किशोर शर्मा के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त (सोडाला) सुनील प्रसाद शर्मा के निर्देशन में महेश नगर थानाधिकारी सुरेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल की तकनीकी सहायता और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर सह-अभियुक्त धीरज कुमार (35) निवासी शाहाबाद अपार्टमेंट, सेक्टर-13, द्वारका, नई दिल्ली को गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार धीरज कुमार गिरोह की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। आशंका है कि वह ब्लैकमेलिंग से प्राप्त रकम के लेनदेन और तकनीकी संचालन में शामिल था। पुलिस आरोपी के मोबाइल फोन, बैंक खातों और अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
पुलिस का मानना है कि जांच में जयपुर और दिल्ली के कई अन्य मामलों का भी खुलासा हो सकता है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जा रहा है, ताकि गिरोह के अन्य सदस्यों और उगाही के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।