नकली बीज और खाद मामले में सरकार पर ढिलाई बरतने का आरोप

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से चल रहे नकली खाद, यूरिया और नकली बीज के मामलों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी ने सरकार पर इस गंभीर मुद्दे को दबाने और ढिलाई बरतने का सीधा आरोप लगाया है। इस संबंध में आज शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा रतनगढ़ में विधायक आवास पर पत्रकार वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज मेघवाल ने कहा कि पार्टी का कहना है कि सरकार इस पूरे प्रकरण में शामिल बड़े चेहरों को बचाने का प्रयास कर रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से इस बात को जनता और सरकार तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि यह समस्या नई नहीं है, बल्कि कुछ समय पहले जब खाद और यूरिया की कालाबाजारी तथा नकली माल के खिलाफ छापे मारे गए थे, तब किसानों के साथ हो रहे इस धोखे के खिलाफ सभी ने कार्रवाई का समर्थन किया था। लेकिन बाद में जिन फैक्ट्रियों को सील किया गया था, उन्हें बिना किसी स्पष्ट जांच के क्लीन चिट दे दी गई और जब्त किया गया नकली माल भी कथित तौर पर बाजार में किसानों के यहां खपा दिया गया।
हाल ही में सीकर और अन्य क्षेत्रों से जुड़े नकली बीज के मामले में भी नया मोड़ आया है। इस संबंध में एक निजी फर्म विकास एंड संस द्वारा प्राथमिकी भी दर्ज कराई गई थी, जिसमें लाखों रुपये की लेन-देन और मांग के आरोप सामने आए हैं। इस पूरे प्रकरण में संदिग्ध रूप से कुछ बड़े अधिकारियों, विधायकों के पीए और मंत्रियों के नाम पर पैसे की मांग करने की बातें रिकॉर्ड पर आई हैं। कांग्रेस का आरोप है कि रिमांड की अवधि पूरी होने के बावजूद जांच एजेंसियों द्वारा इस मामले में शामिल ‘डॉक्टर साहब’ और ‘मंत्री जी’ जैसे कोडवर्ड्स और बड़े नामों का खुलासा जनता के सामने नहीं किया जा रहा है। विधायक पुसाराम गोदारा ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ तो सरकार कार्रवाई का दावा करती है, वहीं दूसरी तरफ 32 में से 28 सैंपलों को पास कराकर नकली बीज को बाजार में ही खपाने की सेटिंग की जा रही है। गुजरात कनेक्शन और इस पूरे तंत्र के पीछे छिपे असली गुनहगारों को बेनकाब किया जाना जरूरी है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि अगले कुछ दिनों में इस मामले में शामिल सभी बड़े नामों का स्पष्ट खुलासा नहीं किया गया और दूध का दूध तथा पानी का पानी नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी प्रदेश नेतृत्व के निर्देशानुसार सड़कों पर उतरकर उग्र प्रदर्शन करेगी। इस अवसर पर अरविंद चाकलान पूर्व शहर ब्लॉक अध्यक्ष,प्रदीप तोदी शहर ब्लॉक अध्यक्ष सुजानगढ़, इदरीश गौरी प्रवक्ता जिला कांग्रेस कमेटी चूरु, विद्याधर बेनीवाल ,
रामवीरसिंह राईका, फकीरचन्द दानोदिया, भंवर लाल जसैल, जसकरण गोड़, विद्याधर मेघवाल, बजरंग सैन, चरण सिंह कोका आदि कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

You might also like