अन्नपूर्णा रसोई में आनंद सोलंकी की पुत्री का जन्मदिन सेवा कार्य के साथ मनाया
निसं
मंडावा (नवयत्न)। नगर पालिका मंडावा द्वारा संचालित अन्नपूर्णा रसोई में रविवार को नगर पालिका मंडावा में कार्यरत वरिष्ठ प्रारूपकार आनंद सोलंकी की पुत्री के जन्मदिन के अवसर पर सेवा कार्य का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंडावा की दोनों अन्नपूर्णा रसोइयों में कुल 311 कूपन कटवाकर सुबह एवं शाम भोजन की व्यवस्था करवाई गई।
जन्मदिन के उपलक्ष्य में भोजन के साथ खीर एवं जलेबी भी विशेष रूप से परोसी गई, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने लिया। आनंद सोलंकी ने बताया कि अपनी पुत्री के जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए लोगों को भोजन करवाने का निर्णय लिया गया, ताकि इस विशेष दिन की खुशी समाज के साथ साझा की जा सके और जरूरतमंदों तक सेवा का संदेश पहुंचाया जा सके।
इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने बालिका को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु की कामना की। कार्यक्रम के दौरान सेवा, सहयोग और सामाजिक समरसता की भावना देखने को मिली।
अन्नपूर्णा रसोई में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए कहा कि जन्मदिन जैसे अवसरों पर सेवा कार्य करना समाज के लिए प्रेरणादायक पहल है। सामाजिक उत्तरदायित्व और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा यह आयोजन सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ।