एटीएम कार्ड बदलकर वृद्ध व्यक्ति के खाते से निकाले रुपये

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। राजधानी के झोटवाड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। जहां दादी का फाटक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ में एक वृद्ध व्यक्ति को बातों में उलझाकर अज्ञात बदमाश ने उसका एटीएम कार्ड बदल लिया और खाते से हजारों रुपये की राशि निकालकर फरार हो गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जांच अधिकारी एएसआई रामसिंह ने बताया कि गोविंद नगर करधनी निवासी 63 वर्षीय मदन सिंह मीणा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है कि वह 8 जून 2026 की सुबह दादी का फाटक स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम बूथ पर नकदी निकालने गए थे। इसी दौरान वहां मौजूद एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया और चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया और फिर बाद में बदले गए कार्ड के जरिए आरोपित ने उनके बैंक खाते से राशि निकाल ली। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलने पर उन्हें ठगी का पता चला। इसके बाद उन्होंने झोटवाड़ा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एटीएम बूथ और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा आरोपी की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का मानना है कि फुटेज के आधार पर जल्द ही आरोपी तक पहुंचा जा सकेगा।
इधर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि एटीएम से लेनदेन करते समय किसी भी अजनबी की सहायता न लें। किसी भी परिस्थिति में अपना एटीएम कार्ड, पिन नंबर या बैंक संबंधी जानकारी किसी अन्य व्यक्ति को न बताएं। यदि कोई संदिग्ध व्यक्ति एटीएम बूथ के आसपास दिखाई दे या मदद के बहाने संपर्क करे तो तुरंत सतर्क रहें और आवश्यकता पड़ने पर पुलिस को सूचना दें।
You might also like