शहीद स्मारक पर होगा कॉकरोच जनता पार्टी का प्रदर्शन, युवाओं की आवाज बुलंद करेगी सीजेपी

डी. के. सैनी
जयपुर (नवयत्न)। कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) को आखिरकार जयपुर के शहीद स्मारक पर विरोध-प्रदर्शन की अनुमति मिल गई है। पहले कानून-व्यवस्था का हवाला देते हुए पुलिस प्रशासन ने अनुमति देने से इनकार कर दिया था। लेकिन रविवार को जयपुर पुलिस कमिश्नरेट में हुई अहम बैठक के बाद पार्टी को सोमवार को दोपहर तीन बजे से प्रदर्शन की अनुमति प्रदान कर दी गई।

सीजेपी द्वारा यह प्रदर्शन नीट पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था में व्याप्त अव्यवस्थाओं, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और युवाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर आयोजित किया जा रहा है। प्रदर्शन गवर्नमेंट हॉस्टल स्थित शहीद स्मारक पर होगा।

पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने बताया कि युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और आम नागरिकों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर सरकार और प्रशासन का ध्यान आकर्षित करना इस आंदोलन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि लंबे प्रयासों और प्रशासन के साथ संवाद के बाद प्रदर्शन की अनुमति प्राप्त हुई है।

जानकारी के अनुसार रविवार को जयपुर कमिश्नरेट में डीसीपी साउथ और पार्टी प्रतिनिधियों के बीच करीब दो घंटे तक बैठक चली। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने निर्धारित शर्तों के साथ प्रदर्शन की अनुमति जारी कर दी।

इससे पहले पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) कार्यालय की ओर से जारी आदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति को देखते हुए अनुमति देने से इनकार किया गया था। आवेदन की जांच के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर प्रदर्शन को मंजूरी नहीं दी गई थी।

अनुमति नहीं मिलने पर सीजेपी राजस्थान इकाई के मीडिया प्रभारी अभिषेक जैन बिट्टू ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि पार्टी ने दिल्ली, पुणे, लखनऊ, अमृतसर, बेंगलुरु और हैदराबाद सहित कई शहरों में शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन किए हैं, जहां कहीं भी कानून-व्यवस्था प्रभावित नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया था कि राजस्थान में पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर छात्रों, अभिभावकों और बेरोजगार युवाओं की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

सीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में शहीद स्मारक पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक प्रकरण से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई जाएगी।

प्रदर्शन में पार्टी संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष अभिजीत दीपके, राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका, प्रमुख शिक्षाविद् सोनम वांगचुक, स्वतंत्रता सेनानी एवं पूर्व सांसद पंडित रामकिशन के पुत्र संजय, कार्यक्रम संयोजक दीपक बालियान, रेखा शर्मा, रोशन मुंडोतिया, गीगराज जोड़ली सहित प्रदेशभर से बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, बेरोजगार युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे।

कार्यक्रम संयोजक दीपक बालियान ने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास करती है और प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से किया जाएगा। पार्टी प्रशासन द्वारा निर्धारित सभी नियमों एवं शर्तों की पालना करेगी तथा कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पूरा सहयोग देगी।

पार्टी ने प्रदेशभर के युवाओं, विद्यार्थियों, अभिभावकों और जागरूक नागरिकों से जनहित एवं शिक्षा से जुड़े मुद्दों के समर्थन में बड़ी संख्या में शामिल होकर अपनी आवाज बुलंद करने की अपील की है।

You might also like