फिल्मी स्टाइल में कार पलटने से एक युवक की मौत

निसं 

जयपुर (नवयत्न)। विश्वकर्मा थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर एक्सप्रेस हाईवे पर हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक घायल हो गया। हादसा इतना भीषण था कि कार कई बार पलटते हुए क्षतिग्रस्त हो गई और उसके अंदर रखे नए नोट सड़क पर बिखर गए। दुर्घटना के बाद कार में सवार दो युवक मौके से फरार हो गए।

थानाधिकारी रविंद्र सिंह ने बताया कि दोपहर करीब 2:15 बजे दिल्ली की ओर जा रही एक दिल्ली नंबर की वैगनआर कार एक्सप्रेस हाईवे पर 14 नंबर पुलिया के आगे अनियंत्रित हो गई। तेज रफ्तार कार मोड़ पर नियंत्रण खो बैठी और डिवाइडर पर चढ़ने के बाद पोल से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार तीन-चार बार पलटी खाते हुए दूर जाकर रुकी। हादसे के दौरान कार के शीशे और गेट टूट गए तथा वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इसी दौरान कार के भीतर रखे 10-10 और 1-1 रुपए के नए नोट सड़क पर बिखर गए। एक युवक का शव भी कार से बाहर आकर सड़क पर गिर गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार में सवार दो युवक मौके से भाग निकले, जबकि घायल युवक को राहगीरों ने संभालकर सड़क किनारे बैठाया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को कांवटिया अस्पताल में भर्ती कराया।

पुलिस ने बताया कि मृतक युवक की अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया गया है और मृतक तथा फरार युवकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में कार से शराब की बोतलें और नए नोट बरामद हुए हैं। पुलिस का मानना है कि कार में सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर हादसे का शिकार हो गया। मामले की जांच जारी है।

You might also like