शातिर वाहन चोर व नकबजन ‘डेंगू’ गिरफ्तार
निसं
जयपुर (नवयत्न)। खोराबीसल थाना पुलिस ने मंदिरों,सूने मकानों और वाहन चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए कुख्यात नकबजन एवं वाहन चोर रोहित सिंह उर्फ डेंगू (24) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से पिपली वाले बालाजी मंदिर से चोरी किया गया चांदी का छत्र, दानपात्र की नकदी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं। फिलहाल आरोपित से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि खोराबीसल थाना पुलिस ने कुख्यात नकबजन एवं वाहन चोर रोहित सिंह उर्फ डेंगू (24) निवासी फुलेरा जिला जयपुर हाल नाड़ी का फाटक जयपुर को गिरफ्तार किया है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने मंदिर चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर मंदिर से चोरी किया गया चांदी का छत्र और दानपात्र से चुराए गए 500 रुपए बरामद किए गए। इसके अलावा आरोपी की सूचना पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं।
आरोपी ने दो बाइक विश्वकर्मा थाना क्षेत्र, एक करधनी थाना क्षेत्र और एक गलता गेट थाना क्षेत्र से चोरी करना स्वीकार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने जयपुर के विभिन्न इलाकों में करीब आधा दर्जन अन्य चोरी की वारदातें करना भी कबूल किया है, जिनके संबंध में पूछताछ जारी है।
थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह के अनुसार रोहित सिंह उर्फ डेंगू आदतन और शातिर अपराधी है। वर्ष 2022 में उसने करीब एक करोड़ रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी की सनसनीखेज चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। उस मामले में भी उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। आरोपी के खिलाफ वर्तमान में कई आपराधिक मामले न्यायालय में लंबित हैं।
इस कार्रवाई में थानाधिकारी सुरेन्द्र सिंह, हेड कांस्टेबल अजीत सिंह एवं ख्यालीराम, कांस्टेबल राकेश कुमार, शीशराम, रामसिंह, विकास और प्रेमचंद शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी और चोरी का माल बरामद करने में कांस्टेबल राकेश कुमार, शीशराम और रामसिंह की विशेष भूमिका रही।