दीवार पर लिखा है स्वच्छ भारत, परन्तु वार्ड में गंदगी का जमावड़ा

निसं

झुंझुनूं (नवयत्न)। स्वच्छ भारत अभियान के तहत दीवारों पर स्वच्छता के संदेश लिखे गए हैं, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग दिखाई दे रही है। पुराना बस स्टैंड स्थित वार्ड नं. 49 में लंबे समय से गंदगी और जलभराव की समस्या बनी हुई है। क्षेत्र में जमा गंदा पानी न केवल बदबू फैला रहा है, बल्कि मच्छरों और बीमारियों के बढ़ते खतरे का कारण भी बन रहा है।

 

वार्डवासियों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर नगर पालिका में कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन हर बार केवल सफाई करवाने और समस्या के समाधान का आश्वासन दिया जाता है। शिकायतों के बावजूद आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

 

स्थानीय निवासियों का कहना है कि स्वच्छ भारत अभियान का उद्देश्य तभी सफल माना जाएगा, जब वार्डों में नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित हो और आमजन को गंदगी व जलभराव जैसी समस्याओं से राहत मिले। वार्डवासियों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल सफाई अभियान चलाकर जल निकासी की उचित व्यवस्था करने तथा क्षेत्र को स्वच्छ बनाने की मांग की है।

 

“स्वच्छ भारत का संदेश केवल दीवारों पर नहीं, बल्कि धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए।”

You might also like