मूसलाधार बारिश से इलाका तरबतर, घरों एवं दुकानों में घुसा पानी
नंदलाल गौड़
लोसल (नवयत्न)। प्री मानसून की हुई अंचल में जोरदार बारिश ने लोसल नगरपालिका प्रशासन के ड्रेनेज सिस्टम और दावो की पोल खोलकर रख दी है। शनिवार रात और रविवार सुबह यहां पर इंद्रदेव इस कदर मेहरबान हुए की ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों में पानी भरने के साथ साथ लोसल शहर का बस स्टैंड मार्ग पर तो तीन तीन फिट पानी भरने से दरिया बन गया। यह मार्ग व्यवसायिक है मार्ग के दोनों तरफ व्यवसायिक प्रतिष्ठान है बीच में लंबा चौड़ा रास्ता है।
मदन गौशाला से लेकर बस स्टैंड तक सडक़ मार्ग की जगह चारों ओर पानी भर गया। पानी भरने से दोपहर तक व्यापारियों ने प्रतिष्ठान तक नहीं खोले। इस व्यस्त मार्ग पर पानी भरने से आम जनजीवन पूरी तरह से अस्त व्यस्त हो गया। पानी का बहाव और भराव इतना ज्यादा था कि मार्ग से गुजरने वाले दुपहिया वाहन बीच में बंद हो गए।
हर साल बारिश से पहले नालों की सफाई और जल निकासी के पुख्ता इंतजाम करने के प्रशासनिक दावे किए जाते हैं लेकिन इस पहली जोरदार बारिश ने प्रशासन की मानसून को लेकर की गई तैयारियां की पूरी तरह पोल खोल दी है। लोगों का कहना है कि ड्रेनेज सिस्टम यानी पानी निकासी के लिए डाले गए नालो की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो रही है।
अभी मानसून नहीं पहुंचने से पहले यह हालात है तो मानसून दस्तक देने पर स्थित विकट हो सकती है । मदन गौशाला से लेकर बस स्टैंड तक पूरा इलाका में तीन तीन फिट पानी भर गया। नगरपालिका क्षेत्र के वार्ड पांच में मूसलाधार बारिश से एक दीवार गिर गई तो निचले इलाकों में भी पानी भर गया। शनिवार देर रात को यहां पर बारिश शुरू हुईं थीं जो रविवार देर सुबह तक पानी गिरता रहा।
शहरी क्षेत्र की छोडि़ आज तो इतना पानी आसमान से गिरा की खेतों में पानी भरने की वीडियो वायरल देखने को मिले हैं। इस बीच जो जानकारी मिल रही है उसके मुताबिक जहां पर अधिक बारिश का पानी गिरा वहां पर किसानों को दुबारा बिजाई करनी पड़ सकती है। अंचल में झमाझम हुई बारिश से खरीब की फसलों की बुवाई के लिए वरदान साबित हो सकती है।