महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल में नेतृत्व का नया अध्याय शुरू, बालानी कॉ- ऑर्डिनेटर बनी, नीलिमा को प्राचार्या का पदभार सौंपा
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । जैन विश्व भारती स्थित महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल में गुरुवार से नए अध्याय का शुभारंभ हुआ है। परम पूज्य आचार्य श्री महाश्रमण के पावन सान्निध्य से नीलिमा सिंह ने विद्यालय की नवीन प्राचार्या के रूप में अपना पदभार ग्रहण किया। वहीं रचना बालानी कॉ- ऑर्डिनेटर की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इस अवसर पर पर्यवेक्षक मुनिश्री कीर्तिकुमारजी का मंगल सान्निध्य प्राप्त हुआ एवं संयोजक धर्मचंद लुंकड़ की भी उपस्थिति रही। जानकारी के अनुसार महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल की पूर्व प्राचार्या रचना बालानी को जैन विश्व भारती के अंतर्गत संचालित सभी विद्यालयों के लिए स्कूल को- ऑर्डिनेटर पद की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पदोन्नति मिलने पर बालानी ने महाप्रज्ञ प्रोग्रेसिव स्कूल के शैक्षणिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का औपचारिक हस्तांतरण करते हुए नवीन प्राचार्या नीलिमा सिंह को विद्यालय का कार्यभार सौंपा। इस अवसर पर विद्यालय परिवार द्वारा सिंह का स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के पश्चात आयोजित बैठक में उनका सभी स्टाफ सदस्यों से परिचय कराया गया। इस नए परिवर्तन के बाद शहर के गणमान्य लोगों एवं जैन विश्व भारती परिसर के सदस्यों ने बालानी और सिंह को नवीन पदभार के लिए बधाईयां दी हैं।