व्यापारियों को ब्लैकमेल करने वाले कथित पत्रकार के खिलाफ व्यापार मंडल ने पुलिस को सौंपा ज्ञापन
नंदलाल गौड
लोसल (नवयत्न) । स्थानीय व्यापार मंडल ने क्षेत्र के व्यापारियों की सुरक्षा और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए थानाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। व्यापार मंडल ने सोशल मीडिया के नाम पर व्यापारियों को डराने, धमकाने और ब्लैकमेल करने वाले ‘सच का सामना’ सोशल मीडिया के संचालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। व्यापार मंडल द्वारा पुलिस को लिखे पत्र के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में ‘सच का सामना’ नाम से खुद को पत्रकार बताने वाला एक व्यक्ति सक्रिय है। आरोप है कि यह कथित पत्रकार व्यापारियों के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों (दुकानों और दफ्तरों) पर जाकर उनके वीडियो बनाता है और बाद में उन्हें ब्लैकमेल करने का प्रयास करता है।
ज्ञापन में गंभीर आरोप लगाते हुए कहा गया है कि आम जनता का समर्थन हासिल करने और व्यापारियों पर मानसिक व सामाजिक दबाव बनाने के लिए यह व्यक्ति महिलाओं को फुसलाकर आगे रखता है। इस तरह की अनैतिक गतिविधियों के कारण स्थानीय व्यापारियों में डर का माहौल व्याप्त है, जिससे व्यापार की सुरक्षा और स्वतंत्रता पर सीधा असर पड़ रहा है।
व्यापार मंडल ने पुलिस से मांग की है कि शहर का माहौल खराब होने से बचाया जाए और व्यापारियों को निडर होकर व्यापार करने का सुरक्षित वातावरण और व्यापारियों की सुरक्षा को पूरी तरह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, दुकानदारों को परेशान करने वाले और ब्लैकमेलिंग गिरोह की तरह काम करने वाले ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाए, ताकि कस्बे की शांति व्यवस्था बनी रहे।
गौरतलब है कि उक्त सोशल मीडिया पत्रकार द्वारा धमकाने और ब्लैकमेल करने को लेकर डिप्लोमा कोर्स सेंटर संचालक महिला विकेश स्वामी और एक महिला दुकानदार भगवती देवी ने बुधवार को दो अलग-अलग मामले पुलिस थाने में दर्ज करवाए गए हैं।