लोक परिवहन बस में क्षमता से अधिक सवारियां, तेज गति से संचालन पर यात्रियों की सुरक्षा पर सवाल
प्रदीप कुमार सैनि
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । अजमेर से सीकर वाया किशनगढ़, रूपनगढ़, मारोठ, नांवा, खूड़ एवं दांतारामगढ़ मार्ग पर संचालित लोक परिवहन बस में क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर संचालन किए जाने का मामला सामने आया है। बस में भारी भीड़ होने के कारण कई यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा, जिससे उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यात्रियों का कहना है कि बस में पहले से ही अत्यधिक भीड़ थी, इसके बावजूद रास्ते में लगातार सवारियां बैठाई जाती रहीं। बस में महिलाओं, बुजुर्गों और विद्यार्थियों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। वहीं, बस के तेज गति से संचालन को लेकर भी यात्रियों ने चिंता जताई है। उनका कहना है कि ओवरलोड बस का तेज गति से चलना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता है।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि इस मार्ग पर कई बार क्षमता से अधिक सवारियां बैठाकर बसों का संचालन किया जाता है, लेकिन जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जाती। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और प्रशासन से इस मार्ग पर नियमित जांच अभियान चलाने, ओवरलोड बसों पर कार्रवाई करने तथा अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की मांग की है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि होनी चाहिए और लोक परिवहन सेवाओं में नियमों की पालना सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना से बचा जा सके।