महात्मा गांधी विद्यालय में सोलर परियोजना व बालिका प्रसाधन कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (नवीन), तारानगर में शुक्रवार को राजकीय विद्यालयों की पहली 10 किलोवाट सोलर परियोजना एवं बालिका प्रसाधन कॉम्प्लेक्स का भव्य लोकार्पण समारोह गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। दोनों परियोजनाएँ विद्यालय के भामाशाह ताराचंद गोयल एवं विम्मी गोयल के सहयोग से साकार हुई हैं।
समारोह के मुख्य अतिथि एवं उद्घाटनकर्ता ताराचंद गोयल एवं विम्मी गोयल रहे। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी देवकरण सिंह तेतरवाल थे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने की।
विद्यालय के संस्थाप्रधान डॉ. अशोक जांगिड़ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विकास कार्यों के लिए भामाशाह गोयल परिवार का आभार जताया।
मुख्य अतिथि ताराचंद गोयल ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय (नवीन), तारानगर की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए कहा कि घोषणा की कि आगामी शैक्षणिक सत्र में 90 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को उनकी ओर से सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही विद्यालय के समग्र विकास में भविष्य में भी निरंतर सहयोग देने का आश्वासन दिया। जिला शिक्षा अधिकारी देवकरण सिंह तेतरवाल व मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी बबलेश शर्मा ने कहा कि “ताराचंद गोयल ने शिक्षा उत्थान के लिए अपनी तिजोरी समाज के लिए खोल रखी है।” उन्होंने बताया कि हाल ही में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, तारानगर के विकास हेतु लगभग ₹5 करोड़ के कार्यों के लिए एमओयू किया गया है, जो शिक्षा के प्रति उनकी दूरदर्शी सोच एवं समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण है। समारोह का संचालन सुशील एवं सुमनबाला ने किया। समारोह में नत्थूराम जांगिड़, रामचन्द्र छाबड़ा, महावीर प्रसाद, लालचंद बरवाड़िया, जीवण सिंह राठौड़, रामेश्वर लाल जांगिड़, दुर्गादत्त चूयल, मोतीलाल व्यास,ओमप्रकाश जांगिड़,श्यामसुंदर सोमानी, किशनलाल जांगिड़,हरदेवाराम लखारा, ओमप्रकाश कड़वासरा सहित अनेक गणमान्य नागरिक, विद्यालय स्टाफ, अभिभावक, एसडीएमसी एवं एसएमसी के सदस्य तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।