मातमी धुन के साथ निकले ताजिए, विधायक पूसाराम गोदारा ने बजाया ढोल-ताशा

ललित दाधीच
राजलदेसर (नवयत्न) । राजलदेसर में मुस्लिम समाज की एपीजे अब्दुल कलाम संस्था के तत्वावधान में मोहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को मातमी धुनों एवं ढोल-ताशों के साथ ताजिया जुलूस निकाला गया। ताजिया इमामबाड़े से रवाना होकर गांधी चौक, रेलवे फाटक सहित विभिन्न मार्गों से होता हुआ दरगाह परिसर पहुंचा, जहां धार्मिक परंपरानुसार ताजिए को सुपुर्द-ए-खाक किया गया।
जुलूस में रतनगढ़ विधायक पूसाराम गोदारा ने भी भाग लिया तथा ढोल-ताशा बजाकर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इस दौरान कांग्रेस नगर अध्यक्ष जब्बार खोखर, कांग्रेस नेता भवानी कच्छावा, पार्षद नबी बख्श, जाकिर हुसैन एवं पूर्व सरपंच मनफूल टांडी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। युवाओं ने पारंपरिक लाठी खेल का प्रदर्शन करते हुए अपने कौशल का परिचय दिया।
जुलूस के साथ खाने-पीने की अनेक स्टॉल भी लगाई गई थीं, जहां महिलाओं, बच्चों एवं आमजन ने विभिन्न व्यंजनों का आनंद लिया। मोहर्रम के जुलूस के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए तहसीलदार हरदीप सिंह तथा पुलिस विभाग के अधिकारी एवं जवान मुस्तैद रहे।

You might also like