मातमी धुनों के साथ निकाले ताजिये

प्रदीप कुमार सैनि
दांतारामगढ़ (नवयत्न) । मुहर्रम के अवसर पर कस्बे व आसपास के गांवों में मातमी धुनों और धार्मिक श्रद्धा के साथ ताजियों का जुलूस निकाला गया। पैगम्बर हजरत मोहम्मद के नवासे हजरत हुसैन और उनके योद्धाओं की शहादत की याद में मनाए जाने वाले मुहर्रम की दसवीं तारीख को दांता में शुक्रवार को मातमी धुनों के साथ ताजियों का जुलूस निकाला गया। ताजियों का जुलूस दांता में छोटी मस्जिद, बड़ी मस्जिद से प्रारम्भ होकर मुख्य मार्ग से होते हुए देर शाम को कर्बला तक पहुंचा।जुलूस में बड़ी संख्या में अकीदतमंदों ने शामिल होकर या हुसैन की सदाओं के साथ शोक व्यक्त किया। मातमी धुन के साथ दोनों ताजियों को कर्बला में सुपुर्द-ए- खाक किया गया। इस दौरान काफी संख्या में मुस्लिम समुदाय के महिलाएं और पुरुष मौजूद थे। गौरतलब है कि कर्बला की जंग और हजरत इमाम हुसैन की शहादत की याद में मुहर्रम मनाया जाता है। इसी दिन हजरत इमाम हुसैन ने अपनी जान कुर्बान की थी। इस दिन मुस्लिम समुदाय के लोग ताजिए निकालते हैं। मुहर्रम का यह आयोजन आपसी भाईचारे, अमन और इंसानियत का संदेश देता है, जिसमें विभिन्न समुदायों के लोगों ने भी सम्मानपूर्वक सहभागिता निभाई। इस दौरान सुरक्षा व शांति व्यवस्था के लिए दांतारामगढ़ पुलिस जाप्ता मौके पर मौजूद रहा।

You might also like