नाथावत ने किया अस्पताल का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश

बृजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न) । जयपुर संभाग के संयुक्त निदेशक (जेडी) डॉ. यदुराज सिंह नाथावत ने चिड़ावा के उप जिला अस्पताल का दौरा कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ब्लॉक मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संत कुमार जांगिड़, प्रधान चिकित्सा अधिकारी डॉ. नितेश जांगिड़ और वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. रघुवीर मील सहित अस्पताल के अन्य वरिष्ठ चिकित्सकों ने जेडी नाथावत को अस्पताल परिसर का अवलोकन करवाया और विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
ओपीडी और वार्डों का लिया जायजा, मरीजों से किया संवाद-
संयुक्त निदेशक डॉ. नाथावत ने अस्पताल के ओपीडी कक्ष, मेडिसिन व सर्जरी वार्डों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी में ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों को मरीजों की उचित देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने वार्डों में उपचाराधीन मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल में मिल रही निःशुल्क दवाओं, जांचों और चिकित्सा स्टाफ के व्यवहार का फीडबैक भी लिया। निरीक्षण के दौरान डॉ. नाथावत ने टीकाकरण कक्ष का भी जायजा लिया। उन्होंने वहां मौजूद एएनएम को निर्देश दिए कि यूविन पोर्टल पर सभी प्रविष्टियां (डेटा एंट्री) समय पर अपडेट करने को कहा। इसके साथ ही उन्होंने ड्यूटी सूची (रोस्टर) को व्यवस्थित रूप से बनाने और क्षेत्र में शत-प्रतिशत पूर्ण टीकाकरण सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने आगामी पल्स पोलियो महाअभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की।
लेबर रूम और ऑपरेशन थिएटर का बारीकी से निरीक्षण-
अस्पताल के लेबर रूम (प्रसूति कक्ष) का निरीक्षण करते हुए उन्होंने सिजेरियन डिलीवरी और गर्भवती महिलाओं को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। जेडी ने निर्देश दिए कि ऑपरेशन कक्ष में ऑपरेशन-पूर्व और ऑपरेशन-बाद के प्रोटोकॉल अनिवार्य रूप से चस्पा किए जाएं और स्टाफ द्वारा उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के अंत में उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को चिकित्सा सुविधाओं में और सुधार करने तथा साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने की हिदायत दी। इस अवसर पर अस्पताल के अन्य स्वास्थ्य कर्मी और नर्सिंग स्टाफ भी मौजूद रहा।

You might also like