हरियाली रथ को दिखाई हरी झंडी, गांव-गांव पहुंचकर देगा पर्यावरण संरक्षण का संदेश

विजेन्द्र सिंह लमोरिया
चिड़ावा (नवयत्न)  ।  पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण एवं घटते भू-जल स्तर को बनाए रखने के उद्देश्य से रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान चिड़ावा द्वारा संचालित हरियाली रथ का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर परियोजना प्रबंधक भूपेन्द्र पालीवाल ने संस्थान कार्यालय से हरियाली रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। हरियाली रथ आगामी दिनों में झुंझुनूं जनपद के विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण एवं जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेगा। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पौधारोपण के लिए प्रेरित करना तथा वर्षा जल संरक्षण और भू-जल पुनर्भरण के माध्यम से जल संकट के समाधान में जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। हरियाली रथ की पहली यात्रा गिडानिया गांव पहुंची, जहां मेघवाल मुक्ति धाम परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम कृषि अधिकारी अखिल कालेर रामकृष्ण जयदयाल डालमिया सेवा संस्थान एवं कैप्टन रामेश्वर लाल के सानिध्य में सम्पन्न हुआ। इस दौरान ग्रामीणों की सहभागिता से 270 पौधे लगाए गए, जिनमें नीम, करंज, सहजन, अर्जुन सहित विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण हितैषी प्रजातियां शामिल थीं। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते पर्यावरणीय संकट एवं घटते भू-जल स्तर को देखते हुए अधिक से अधिक पौधारोपण करना समय की आवश्यकता है। प्रत्येक पौधा भविष्य की पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वायु, सुरक्षित जल एवं हरित पर्यावरण का आधार बनेगा। ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प भी लिया। कार्यक्रम में पूर्व सरपंच राजकुमार, सूबेदार रोहिताश कुमार, हवलदार नौरंग राम, सतवीर, हवलदार प्रताप सिंह, लीलाधर, विद्याधर, श्रीचंद, महेंद्र, राजेश, रिशाल, गिन्नू, कमलेश, संतोष एवं मीरा सहित काफी संख्या में ग्रामीणजन एवं संस्थान के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। अंत में संस्थान की ओर से अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के इस जन-अभियान से जुड़ने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया ताकि झुंझुनूं जिला हरित, स्वच्छ एवं जल-सुरक्षित बन सके।

You might also like