पशुओं के लिए कराई जल की व्यवस्था

101 स्थानों पर रखे जाएंगे जल पात्र

चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)14 मई। रेलवे स्टेशन के व्यापारियों व कुछ सेवाभावी लोगों के सहयोग से शहर में पशुओं के लिए 101 स्थानों पर जल पात्रों की व्यवस्था की जा रही है। भाजपा के नगर मंडल अध्यक्ष बाबूलाल वर्मा के प्रेरित करने पर रेलवे स्टेशन के व्यापारियों ने बेसहारा पशुओं के लिए जल की व्यवस्था करने का संकल्प लिया। इस कार्य का शुभारंभ उपखंड अधिकारी जगदीश प्रसाद गौड़ व नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी अनिल चौधरी ने किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पार्षद योगेंद्र कटेवा ने की। इस अभियान के तहत कस्बे के 101 स्थानों को चिह्नित किया गया है जहां बेसहारा पशुओं की संख्या अधिक रहती है। लगभग सात दिन में सभी स्थानों पर जल पात्र रख दिए जाएंगे। इनमें जलभराव की व्यवस्था के तहत सात दिन तक पानी के टैंकर से भरे जाएंगे। इसके बाद सेवाभावी लोगों को जिम्मेदारी सौंपी गई है जो प्रतिदिन इन पात्रों में जल भरेंगे। इस अवसर पर पार्षद प्रतिनिधि मदन डारा, व्यवसायी सीताराम कुमावत, सैन समाज के जिलाध्यक्ष डॉ बीएल वर्मा, इंद्र कुमार सूरजगढिय़ा, रोहिताश महला, गोकुल धनखड़, पार्षद रजनीकांत मान, विकास पायल, पार्षद महेंद्र चेजारा, पवन वर्मा, सोहन वर्मा आदि उपस्थित थे।

You might also like