अवैध प्लॉटिंग व पुराने रास्ते से हटकर सड़क बनाने की जांच करवाने की मांग
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न)। जैन विश्व भारती के पीछे गोपालपुरा मार्ग से शहरिया बास जाने वाले रास्ते पर अवैध प्लॉटिंग कर मनमाने रास्तों से सड़क निकालने की शिकायत हुई है। समाजसेवी बाबू खां पुत्र आजम खां ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिकायत पत्र देकर बताया कि गोपालपुरा रोड पर लाल खां ढाणी से शहरिया बास चांद दडा की और जाने वाली सड़क हाल ही में नगरपालिका द्वारा तीन-चार माह पूर्व ही में बनाई गई है।
सड़क निर्माण के दौरान यहां अवैध प्लॉटिंग करने वाले लोगों ने निर्मित एजेंसी के ठेकेदार से मिलीभगत करते हुऐ सड़क को सीधे रास्ते से निकालने की बजाय मनमाने रास्तों से भयंकर मोड देकर बना दिया है। इस सड़क में व्यक्ति विशेष को फायदा पहुंचाने के लिये मोहल्ले वासियों को जानबूझकर भारी परेशानी में डाला गया है। शिकायतकर्ता ने बताया कि सड़क पर खतरनाक मोड़ और मुख्य रास्ता से हटाकर बनाई जाने से वाहनों का आवागमन बाधित हो गया। इस मामले की संपूर्ण जांच करवाकर पुराने रास्ते की बजाय मनमाने रास्तों से सड़क निकालने वाली एजेंसी और प्लॉटिंग करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।