दिनदहाड़े बाजार में ससुराल वालों ने किया दामाद पर हमला

मधु दहिया
बुहाना  (नवयत्न)  ।   उपखंड के पचेरी कलां कस्बे के बीच बाजार में शनिवार को दिनदहाड़े कारगिल शहीद राजकुमार के बेटे आशिष पर कथित जानलेवा हमला होने से हडक़ंप मच गया। घायल युवक ने अपने ससुराल पक्ष के लोगों पर लाठी-डंडों से मारपीट, करीब तीन लाख रुपए और सोने की चेन लूटने तथा जबरन गाड़ी में डालकर अपहरण करने की कोशिश का आरोप लगाया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पीडि़त आशीष ने बताया कि वह अपने चाचा प्रताप के साथ नारनौल स्थित पेट्रोल पंप से बिक्री के करीब तीन लाख रुपए लेकर पचेरी लौट रहा था। बाजार में चाचा बाइक लेने के लिए अलग चले गए। इसी दौरान कार में सवार होकर पहुंचे ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। आशीष का आरोप है कि उसकी सास सुमन, साला संजीव, बुआ सास शर्मिला, फूफा पिंटू उर्फ विक्रम, रतन सिंह धोलिया सहित अन्य लोगों ने मारपीट की। हमलावर उसके गले से सोने की चेन और बिक्री के करीब तीन लाख रुपए छीनकर उसे जबरन कार में डालने का प्रयास करने लगे। मौके पर लोगों की भीड़ जुटने पर आरोपी फरार हो गए। घायल आशीष को पहले पचेरी के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
दुकानों के विवाद को बताया वजह
आशीष के अनुसार पचेरी में स्थित कुछ दुकानों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। उसका कहना है कि आधी दुकानें उसके चाचा प्रताप और आधी उसके दिवंगत ससुर महावीर के नाम हैं। आरोप है कि ससुराल पक्ष सभी दुकानों पर कब्जा करना चाहता है। उसने यह भी दावा किया कि पिछले वर्ष उसके ससुर ने भी उसके साथ मारपीट की थी।
दो बार पुलिस को फोन करने का दावा
पीडि़त का आरोप है कि घटना के दौरान उसने दो बार पुलिस को फोन किया, लेकिन पुलिस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। बीच बाजार में हुई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला और अधिक चर्चा में आ गया।
पुलिस बोली—जांच जारी
पचेरी थानाधिकारी लक्ष्मीनारायाण ने बताया की दोनों परिवार में विवाद हैं। वीडियो और दोनों पक्षों द्वारा लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच शुरु कर दी है। जांच के बाद तथ्यों के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

You might also like