नर्सिंग जीएनएम कोर्स में एडमिशन शुरू, 11 अगस्त तक कर सकतें हैं आवेदन, 12वीं पास अभ्यर्थियों के लिए मौका
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। राजस्थान के चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने जीएनएम (जनरल नर्सिंग एंड मिडवाइफरी) प्रशिक्षण पाठ्यक्रम सत्र 2026-27 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इच्छुक अभ्यर्थी 29 जुलाई से 11 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश मेरिट, राज्य सरकार के नियमों और काउंसलिंग के आधार पर दिया जाएगा। जीएनएम कोर्स में आवेदन करने के लिए अभ्यर्थी का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं (सीनियर सेकेंडरी) कम से कम 40 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण होना जरूरी है। फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी (पीसीबी) विषय वाले अभ्यर्थियों को प्रवेश में प्राथमिकता मिलेगी। विभाग ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें। आखिरी दिनों में वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक और तकनीकी दिक्कतों की संभावना रहती है। इसलिए समय रहते आवेदन और शुल्क जमा कर दें।
बॉक्स
अधिकतम आयु सीमा – महिला के लिए 28 और पुरुष 34
31 दिसंबर 2026 को अभ्यर्थी की न्यूनतम आयु 17 वर्ष होना अनिवार्य है। पुरुष अभ्यर्थियों के लिए अधिकतम आयु 28 वर्ष तथा महिला अभ्यर्थियों के लिए 34 वर्ष निर्धारित की गई है। एससी, एसटी और ओबीसी वर्ग के अभ्यर्थियों को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट मिलेगी। विभागीय कोटे के स्थायी कर्मचारियों के लिए अधिकतम आयु 35 वर्ष तथा स्थायी महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) के लिए 40 वर्ष तय की गई है।
सरकारी संस्थानों में कम फीस
राजकीय प्रशिक्षण संस्थानों में सामान्य और ओबीसी क्रीमी लेयर के पुरुष अभ्यर्थियों के लिए वार्षिक फीस 11,550 रुपये रखी गई है। वहीं एससी, एसटी, एमबीसी, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी नॉन- क्रीमी लेयर और सभी महिला अभ्यर्थियों के लिए यह फीस 4,620 रुपये होगी। निजी जीएनएम प्रशिक्षण संस्थानों में वार्षिक प्रशिक्षण शुल्क 66,000 रुपये निर्धारित किया गया है। काउंसलिंग फीस 500 रुपये होगी, जो वापस नहीं की जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी, एमबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 220 रुपये निर्धारित किया गया है। एससी और एसटी वर्ग के अभ्यर्थियों को 110 रुपये शुल्क देना होगा। शुल्क ई-मित्र, सीएससी नेटवर्क या ऑनलाइन पेमेंट गेटवे के माध्यम से जमा कराया जा सकेगा। आवेदन करने से पहले सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने की सलाह दी गई है।