हंगामेदार रही नगरपालिका की पहली बैठक

कृष्ण कुमार गांधी
सूरजगढ़ (नवयत्न)। नवगठित नगरपालिका में गुरुवार को नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह शेखावत की अध्यक्षता में आयोजित पहली बोर्ड बैठक हंगामेदार रही। बैठक के दौरान जब अधिशासी अधिकारी मुकेश कुमार ने बैठक का शुभारंभ किया तो उन्होंने बैठक में कुछ प्रस्तावों का जिक्र कर दिया जिस पर वार्ड 16 से पार्षद योगेश सोनी व पार्षद रूक्मानंद के साथ अन्य पार्षदों ने विरोध जताते हुए कहा कि पहली बैठक में नवनिर्वाचित पार्षदों का परिचय व स्वागत किया जाता है लेकिन यहां तो प्रस्ताव पारित करवाए जा रहे हैं। इस दौरान सभी पार्षदों ने अपना-अपना परिचय दिया। रोशनी के लिए हाईवे पर लाइट लगाने की बात पर वार्ड 4 से पार्षद संजय गोयल ने पहले वार्डों में रोशनी व्यवस्था को दुरस्त करवाने की बात कही। वार्ड 22 से पार्षद रूक्मानंद सैनी ने सफाई व्यवस्था को दुरस्त करवाने की बात कही, पार्षद संजय चांदोलिया ने स्ट्रीट लाइट व नाली सफाई की चर्चा की। नगरपालिका में रैंप निर्माण, अंबेडकर पार्क, रैन बसेरा निर्माण पर चर्चा हुई। इस मौके पर वरिष्ठ पार्षद व पूर्व चेयरमैन सुरेश शर्मा, नरेश वर्मा, पार्वती देवी, पुष्पा सेवाराम गुप्ता, राहुल जैदिया, अशोक सैन, सविता देवी, लक्ष्मी देवी, रफीक, मनोज कुमार सहित नवनिर्वाचित पार्षद मौजूद रहे।

You might also like