आज से ही चुनाव घोषित मानकर जुट जाएं कार्यकर्ता, कांग्रेस का लक्ष्य हर निकाय में बोर्ड बनाना – रीटा चौधरी

अशोक राईका
झुंझुनूं  (नवयत्न) ।  पंचायत एवं नगर निकाय चुनाव की औपचारिक घोषणा से पहले ही कांग्रेस ने जिले में चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक जिलाअध्यक्ष रीटा चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में कार्यकर्ताओं से कहा गया कि वे चुनाव घोषित मानकर अभी से बूथ स्तर तक सक्रिय हो जाएं और संगठन को मजबूत करने में जुट जाएं। रीटा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य जिला परिषद, पंचायत समिति, नगर परिषद और नगरपालिकाओं में कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनाना है। इसके लिए सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता आपसी समन्वय के साथ काम करें। उन्होंने कहा कि टिकट किसी भी कार्यकर्ता को मिले, सभी को संगठन के अधिकृत प्रत्याशी के साथ पूरी मजबूती से खड़ा होना होगा। व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर पार्टी की जीत को प्राथमिकता देने का आह्वान किया गया। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशों की जानकारी देते हुए संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने, मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखने और जनहित के मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने की रणनीति पर चर्चा हुई। रीटा चौधरी ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है। महिलाओं के खिलाफ अपराध बढ़ रहे हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और आमजन महंगाई से परेशान है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन सभी मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी और सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। पूर्व मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पार्टी जमीनी सर्वे के आधार पर मजबूत और जीताऊ उम्मीदवारों का चयन करेगी। इसलिए कार्यकर्ता जनता के बीच लगातार सक्रिय रहें। ओबीसी विभाग के जिला अध्यक्ष संतोष सैनी ने कहा कि संगठन का हित सर्वोपरि है और बूथ स्तर पर किया गया कार्य ही कार्यकर्ता की असली पहचान बनेगा। बैठक में भाजपा सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी, नीट पेपर लीक और जनविरोधी नीतियों को लेकर निशाना साधा गया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से इन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाने और कांग्रेस की नीतियों का प्रचार करने का आह्वान किया।
इन्होंने भी किया संबोधित
जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संगठन महासचिव सुनील झाझडिय़ा, कांग्रेस महिला जिलाध्यक्ष शकुंतला यादव, निवर्तमान जिला परिषद सदस्य डॉ. विनीता रणवा, युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुनील झाझडिय़ा, पूर्व जिला अध्यक्ष सज्जन मिश्रा, कांग्रेस सेवा दल जिला प्रभारी डॉ. शीशराम गुर्जर, पर्यावरण संरक्षण प्रकोष्ठ जिला अध्यक्ष लोकेश जांगिड़, गिड़ानिया ब्लॉक अध्यक्ष सुमेर सिंह महला, मंडावा नगर पालिका के निवर्तमान चेयरमैन नरेश सोनी सहित अनेक वक्ताओं ने संबोधित किया। सभी ने कहा कि पार्टी जो भी निर्णय करेगी, सभी कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से उसी दिशा में काम करेंगे।
ये भी रही मौजूद
पीसीसी सदस्य सलीम खां सिगड़ी, राजीव गांधी पंचायती राज संगठन प्रदेश महासचिव राजकुमार राठी, चिड़ावा उप प्रधान विपिन नूनिया,झुंझुनू ब्लॉक अध्यक्ष अजमत अली, चिड़ावा ब्लॉक अध्यक्ष संजय सैनी, पिलानी ब्लॉक अध्यक्ष विनोद काजला, खेतड़ी प्रथम ब्लॉक अध्यक्ष बलराम गुर्जर, खेतड़ी द्वितीय ब्लॉक अध्यक्ष रामावतार सैनी, उदयपुरवाटी ब्लॉक अध्यक्ष बीएल सैनी, मंडावा ब्लॉक अध्यक्ष किरोड़ीमल पायल, अलसीसर ब्लॉक अध्यक्ष यज्ञपाल सिंह, ओबीसी कांग्रेस उदयपुरवाटी ब्लॉक अध्यक्ष रामकरण सैनी, सज्जन लाल मिश्रा सहित जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

You might also like