प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन

निसं
खेतड़ी ( नवयत्न) । खेतड़ी के ऐतिहासिक पन्ना शाह तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में प्रशासन द्वारा शिव जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सावन के पहले सोमवार को शिवालयों में श्रद्धालुओं की भीड़ नजर आई। सुबह से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए मंदिरों में पहुंचने लगे। शिव मंदिरों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का दुग्धाभिषेक, जलाभिषेक तथा बेलपत्र, धतूरा और पुष्प अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। इसी क्रम में खेतड़ी के ऐतिहासिक पन्ना शाह तालाब स्थित प्राचीन शिव मंदिर में विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर के नेतृत्व में विशेष जलाभिषेक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी भगवान शिव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन एवं जलाभिषेक किया। सभी ने प्रदेश और क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि तथा अच्छी वर्षा की प्रार्थना की। विधायक इंजी धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि सावन का महीना भगवान शिव की आराधना का विशेष अवसर होता है। भारतीय संस्कृति में धार्मिक परंपराएं समाज को एकजुट करने और सकारात्मक ऊर्जा प्रदान करने का कार्य करती हैं। उन्होंने सभी से सामाजिक समरसता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनकल्याण के कार्यों में भागीदारी निभाने का आह्वान किया। मंदिर परिसर में पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने बड़ी संख्या में भगवान शिव के दर्शन कर जलाभिषेक किया। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गई थीं। पूरे दिन शिवालयों में पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। सावन के पहले सोमवार पर उमड़ी श्रद्धा और भक्ति ने खेतड़ी क्षेत्र को पूरी तरह शिवमय बना दिया। इस मौके पर एसडीएम सुनील कुमार चौहान, पूर्व प्रधान मदन लाल गुर्जर, राजवीर चावड़ी, पूर्व पालिकाध्यक्ष विजेश शाह, ईओ नागरमल गुर्जर, सीबीईओ अनुकंपा अरडावतिया, नंदकिशोर चौकड़ीवाला, डॉ सोमदत्त भगत, कैलाश स्वामी, बबलू अवाना, एसआई सुनील सैनी, सुखराम गुर्जर, संदीप शर्मा, नरेश कुमार, थानाधिकारी बुद्धि प्रसाद, एएसआई सुरेन्द्र भारद्वाज सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You might also like