स्कूल वाहनों पर बड़ी कार्रवाई, 71 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । सड़क सुरक्षा एवं परिवहन नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग के आरटीओ करणाराम बिशु के नेतृत्व में सोमवार को निम्बी तिराहे पर जलदाय विभाग कार्यालय के पास विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान स्कूल वाहनों एवं बाल वाहिनियों की गहन जांच की गई। जांच के दौरान करीब एक दर्जन स्कूल वाहनों के दस्तावेजों की पड़ताल की गई। अधिकारियों ने वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र, बीमा (इंश्योरेंस), प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), वाहन परमिट तथा चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की। जिन वाहनों में परिवहन नियमों का उल्लंघन पाया गया, उनके विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए कुल 71 हजार रुपये का जुर्माना अधिरोपित किया गया। आरटीओ करणाराम बिशु ने कहा कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। बिना वैध दस्तावेज अथवा नियमों की अनदेखी कर संचालित होने वाले स्कूल वाहनों के खिलाफ आगे भी नियमित रूप से सघन जांच अभियान जारी रहेगा। उन्होंने वाहन संचालकों से सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्ण रखने एवं परिवहन नियमों की पालना के निर्देश दिए।

You might also like