स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलटी, आर्मी हवलदार और महिला कांस्टेबल के बेटे की मौत

अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। जिले के बगड़ थाना क्षेत्र में देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के हवलदार और महिला कॉन्स्टेबल के बेटे की मौत हो गई। जबकी दो गंभीर घायलों को जयपुर रेफर किया गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो बगड़ तिराहे के पास अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई और पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और आगे की सीट पर बैठे दोनों युवक उसमें बुरी तरह फंस गए। उन्हें निकालने के लिए जेसीबी और क्रेन की मदद लेनी पड़ी।

बगड़ थाना के एएसआई रणधीर सिंह ने बताया की हादसा रात करीब एक बजे हुआ। दुर्घटना में कोलसिया निवासी सेना के हवलदार राकेश कुमार दूत पुत्र नेतराम लाल (36) और झुंझुनूं पुलिस की कालिका यूनिट में तैनात महिला कांस्टेबल सरोज के बेटे नितिन (22) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं झुंझुनूं में डाइट के पास रहने वाले अजय कुमार (25) और सिघाना हाल आबाद जयपुर के साक्षक सिहाग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया। स्कॉर्पियो बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने से अंदर फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। जेसीबी और क्रेन की सहायता से घायलों और मृतकों को बाहर निकाला गया। सभी को 108 एम्बुलेंस से बीडीके अस्पताल पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए।

एयरबैग नहीं खुलने पर उठे सवाल
मृतक राकेश के भाई नेमीचंद ने आरोप लगाया कि लाखों रुपए कीमत वाली स्कॉर्पियो एन छह एयरबैग होने के बावजूद हादसे के दौरान एक भी एयरबैग नहीं खुला। उनका कहना है कि यदि एयरबैग समय पर खुलते तो दोनों की जान बच सकती थी। उन्होंने मामले की जांच की मांग की है।

दोस्त को छोड़ने जा रहे थे
परिजनों के अनुसार चारों युवक आपस में दोस्त थे। देर रात नितिन को चिड़ावा के पास छोडऩे जा रहे थे। इसी दौरान झुंझुनूं से करीब 11 किलोमीटर दूर बगड़ मोड़ पर वाहन चालक नियंत्रण खो बैठा और स्कॉर्पियो पेड़ से टकराकर पलट गई। शुरुवाती जानकारी में सामने आया कि स्कॉपियों के सामने एक आवारा पशु आ गया। उसे बचाने के चक्कर में चालक नियंत्रण खो दिया। इसके बाद स्कॉपियों सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई और पलट गई।

हाल ही में छुट्टी पर आया था जवान
राकेश कुमार दूत वर्ष 2011 में भारतीय सेना में भर्ती हुए थे और वर्तमान में लेह-लद्दाख में एजुकेशन हवलदार के पद पर तैनात थे। वे 23 जुलाई को छुट्टी पर अपने गांव आए थे और 14 अगस्त तक घर पर रहने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी संजू देवी और पांच वर्षीय बेटा नितेश है। हादसे के बाद पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है।

महिला कांस्टेबल के इकलौते बेटे की मौत
हादसे में जान गंवाने वाला नितिन झुंझुनूं पुलिस की कालिका यूनिट में तैनात महिला कांस्टेबल सरोज का बेटा था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

छत पूरी तरह पिचकी, अगला हिस्सा चकनासुर
हादसे की भवावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पेड़ से टकराने के बाद पूरी पिचक गई। गाड़ी का अगला हिस्सा चकनासूर हो गया और उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए जेसीबी व क्रेन की मदद लेनी पड़ी। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

You might also like