विद्यालय में भामाशाह स्नेह मिलन समारोह : डिजिटल शिक्षा की दिशा में ऐतिहासिक पहल
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । महात्मा गांधी उच्च माध्यमिक विद्यालय, बांय में सीबीईओ बबलेश शर्मा के मार्गदर्शन में एक भव्य ‘भामाशाह स्नेह मिलन समारोह’ का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रसिद्ध समाजसेवी एवं भामाशाह एल.डी. सरावगी ने शिरकत की। उन्होंने शिक्षा के इस पावन और नेक कार्य में अपना बहुमूल्य सहयोग देने का संकल्प लिया। इस अवसर पर सीबीईओ बबलेश शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि विद्यालय वह पावन मंदिर है जहाँ से मनुष्य अपने जीवन की नींव रखता है और भविष्य की ऊँचाइयों को छूता है। आज के इस तकनीकी दौर में डिजिटल शिक्षा विलासिता नहीं, बल्कि एक अनिवार्य आवश्यकता बन चुकी है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि ब्लॉक स्तर पर आज भी कई ऐसे विद्यालय हैं जहाँ संसाधनों के अभाव में डिजिटल शिक्षा की पहुँच नहीं है, और इस प्रकार के आयोजनों से ऐसे विद्यालयों को भी तकनीक से जोड़ने में मदद मिलेगी।
समारोह के दौरान भामाशाह एल.डी. सरावगी ने विद्यालय के कक्षा-कक्षों में जाकर वहां पहले से संचालित स्मार्ट टीवी और इंटरेक्टिव फ्लैट पैनल की कार्यप्रणाली का बारीकी से निरीक्षण किया। डिजिटल शिक्षण प्रणाली की उपयोगिता और विद्यार्थियों पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभाव से वे इतने अधिक प्रभावित हुए कि उन्होंने अन्य भामाशाहों के सहयोग से ब्लॉक के विद्यालयों में कुल 51 स्मार्ट टीवी लगवाने का एक बड़ा और सराहनीय लक्ष्य निर्धारित किया। साथ ही, उन्होंने 11 स्मार्ट टीवी अतिशीघ्र ब्लॉक के विद्यालयों में लगवाने का आश्वासन भी दिया।
विद्यालय परिवार की ओर से प्रधानाचार्य ओम प्रकाश मान और सीबीईओ बबलेश शर्मा ने मुख्य अतिथि एवं प्रमुख भामाशाह एल.डी. सरावगी का पारंपरिक तरीके से माल्यार्पण कर तथा दुपट्टा ओढ़ाकर आत्मीय स्वागत किया। कार्यक्रम में दलीप सिंह राठौड़, मनीष सोनी, सत्यनारायण मित्तल, गोविंद राम होदकासिया, श्रवण सिंह चारण और अमरचंद जोशी सहित विद्यालय के अन्य समस्त कार्मिक, विद्यार्थी तथा ग्रामीण भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन रणजीत वालिया द्वारा किया गया।