अस्पताल में सोनोलॉजिस्ट है, लेकिन सोनोग्राफी मशीन नहीं
निसं
बिसाऊ (नवयत्न)। सेठ रामगोपाल जटिया राजकीय अस्पताल में सोनोग्राफी सुविधा को लेकर मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चिकित्सा विभाग ने अस्पताल में सोनोग्राफी जांच के लिए सोनोलॉजिस्ट की नियुक्ति तो कर दी, लेकिन अस्पताल में सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध नहीं करवाई गई। ऐसे में जांच के लिए मरीजों को चूरू जाना पड़ रहा है। अस्पताल में सोनोग्राफी की सुविधा नहीं मिलने के कारण मरीजों को अतिरिक्त आर्थिक खर्च के साथ समय और शारीरिक परेशानी भी झेलनी पड़ रही है। निजी सेंटरों पर सोनोग्राफी कराने के लिए मरीजों को करीब 1000 से 1500 रुपए तक खर्च करने पड़ रहे हैं। स्थानीय लोगों और मरीजों ने चिकित्सा विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द सोनोग्राफी मशीन उपलब्ध कराई जाए। इससे मरीजों को जांच के लिए दूसरे शहर जाने की मजबूरी से राहत मिलेगी और सरकारी अस्पताल में ही आवश्यक जांच की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।