नाहरगढ़ घूमने जा रहे चार दोस्तों की कार सड़क से उतरी

निसं
जयपुर (नवयत्न) । ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में नाहरगढ़ घूमने जा रहे चार दोस्तों की कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालांकि गड्ढे की गहराई कम होने के कारण बड़ा हादसा टल गया और कार सवार चारों दोस्त सुरक्षित बच गए।
सूचना मिलने पर ब्रह्मपुरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्रेन की मदद से सड़क से नीचे उतरी क्षतिग्रस्त कार को बाहर निकलवाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस के अनुसार नाहरगढ़ की ओर जाने वाले पहाड़ी मार्ग पर कई जगह घुमावदार रास्ते हैं। बारिश के दौरान इन रास्तों पर फिसलन बढ़ने के साथ भूस्खलन जैसी स्थिति भी बन सकती है। ऐसे में वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
पुलिस ने नाहरगढ़ घूमने आने वाले पर्यटकों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर वाहन धीमी गति से और सावधानीपूर्वक चलाएं। खासकर बारिश के दौरान मोड़ पर गति नियंत्रित रखें और सड़क की स्थिति को देखते हुए ही वाहन चलाएं।

You might also like