मेले व स्वतंत्रता दिवस को लेकर पुलिस अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था पर की चर्चा
निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न) । केसीसी पुलिस थाने में बुधवार को आगामी चुनाव, क्षेत्र में आयोजित होने वाले मेले एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सीएलजी की बैठक थानाधिकारी राकेश कुमार के सानिध्य में हुई। थानाधिकारी राकेश कुमार ने कहा कि आगामी दिनों में होने वाले चुनाव, धार्मिक एवं सामाजिक मेले तथा स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सीएलजी सदस्यों से अपील की अपने क्षेत्रों में शांति, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सीएलजी सदस्यों ने सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते अतिक्रमण, तेज गति एवं लापरवाही से वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थलों पर असामाजिक तत्वों के जमावड़े तथा रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग रखी। साथ ही स्वतंत्रता दिवस, मेलों के दौरान पार्किंग व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने करवाने की मांग की। थानाधिकारी राकेश कुमार ने सभी समस्याओं पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया वही सीएलजी सदस्यों ने पुलिस प्रशासन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया। इस मौके पर नरेश पाल सिंह, प्रितम शर्मा, विक्रम सिंह, अशोक कुमार,जमालुदीन, सुनिल शर्मा, रामजस गुर्जर, नरेंद्र ढाका, पवन कुमार, दीपकसिंह आदि सीएलजी सदस्यों ने भाग लिया।