जलदाय विभाग के अधिकारियों पर राजनीतिक द्वेषता का आरोप

अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । जलजीवन मिशन योजना के तहत ग्राम पंचायत तंवरा में विभाग द्वारा घरों में जारी किए गए कनेक्शनो को अब अवैध बताकर की जा रही कार्रवाई पर राजनीतिक द्वेषता के आरोप लगे हैं। तंवरा प्रशासक सुमित्रा कसवां ने एसडीएम ममता लहुआ को ज्ञापन देकर बताया कि तंवरा में पीएचईडी विभाग द्वारा योजना के तहत सम्पूर्ण ग्राम में न तो पुरे कनेक्शन किये गये है। और न ही ग्रामीणों को पूरा पानी सप्लाई किया जा रहा है। योजना के तहत कार्य पूर्ण नहीं किये जाने के बावजूद भी विभाग के सहायक अभियन्ता द्वारा डीडब्ल्यूएससी द्वारा हर घर से जल प्रमाण पत्र मांगा जा रहा है। कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जल प्रमाण पत्र देने से स्पष्ट मना करने पर ग्रामवासियों को धमकीयां दी जा रही है। योजना के मापदण्ड अनुसार प्रत्येक घर में कनेक्शन एवं प्रत्येक घर तक निर्धारित मापदण्ड अनुसार प्रेशर युक्त पानी पंहुचाने पर ही कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी किया जाता है। अधूरे काम का ग्राम पंचायत द्वारा कार्य पूर्णता प्रमाण पत्र जारी नही किये जाने से कनेक्शन को अवैध बताकर रंजिश वश कार्रवाई की जा रही है। विभाग की मनमर्जी से सम्पूर्ण ग्राम में रोष व्याप्त है। विभाग के ठेकेदार द्वारा पैसे लेकर कनेक्शन के साथ छेड़खानी भी करना आम बात है। इस मामले में तंवरा प्रशासक सुमित्रा, जय कसवां आदि ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव में नियमानुसार पानी की सप्लाई उपलब्ध करवाई जाने तथा विभाग के ठेकेदारों द्वारा जल जीवन लाईन से की गयी छेड़खानी की जांच करवाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्यवाही करवाने की मांग की है।

You might also like